ग्वालियर में शादी का झांसा देकर एक नेत्रबाधित युवक से 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। युवक ने आरोप लगाया है कि उत्तर प्रदेश की एक युवती ने वॉट्सऐप पर दोस्ती कर उससे यह रकम ठगी है। पुलिस ने मामले में शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
.
मुरार थाना क्षेत्र के सुरैयापुरा निवासी अरविंद प्रजापति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उत्तर प्रदेश के हुसैनपुर गाजीपुर की रहने वाली एक युवती ने उससे प्यार भरी बातें कीं। युवती ने शादी का झांसा देकर यूपीआई के माध्यम से कई बार में कुल 50 हजार रुपए ठग लिए।
अरविंद जन्म से नेत्रबाधित हैं, लेकिन वह पढ़े-लिखे हैं और तकनीकी ज्ञान भी रखते हैं। उन्होंने बताया कि लगभग दो साल पहले उनकी दोस्ती युवती से वॉट्सऐप के जरिए हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई।
अरविंद ने युवती को अपनी नेत्रहीनता के बारे में बता दिया था। युवती ने तब कहा था कि उसे इससे कोई फर्क नहीं पड़ता और वह सिर्फ अरविंद से शादी करना चाहती है।
अरविंद के अनुसार, जब तक वह युवती को पैसे भेजते रहे, तब तक वह उनसे अच्छी तरह बात करती रही। जब अरविंद ने शादी के लिए कहा, तो युवती ने पहले और पैसे भेजने की मांग की। अरविंद ने शादी के बाद सारा खर्च उठाने की बात कही, जिसके बाद युवती ने उनसे बात करने में आनाकानी शुरू कर दी और झूठे केस में फंसाने की धमकी देने लगी।
सीएसपी अतुल सोनी ने बताया-
नेत्रबाधित युवक से शादी का झांसा देकर पैसे लेने के संबंध में एक आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले में दोनों पक्षों को नोटिस तामील कर उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। इसके बाद नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
