नौंगांव के घर में चल रही थी अवैध गुटखा फैक्ट्री: ‘चाचाजी’ और ‘आशा मास्टर जी’ ब्रांड के 11 बोरे जब्त; आरोपी फरार – Chhatarpur (MP) News


छतरपुर जिले के नौगांव में खाद्य विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक घर में अवैध रूप से चल रही गुटखा फैक्ट्री पर छापा मारा है। बुधवार देर रात तक चली इस बड़ी कार्रवाई में मौके से 11 बोरी अवैध गुटखा, मशीनरी और अन्य सामग्री जब्त की गई है। टीम ने ‘चाचाजी’ और ‘आशा मास्टर जी’ नाम से तैयार किए जा रहे गुटखे के पाउच बरामद किए हैं। फिलहाल सभी जब्त सामग्री को थाने में रखवाकर पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी वंदना जैन को मुखबिर से नौगांव में अवैध रूप से गुटखा बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद नौगांव टीआई बाल्मीक चौबे और उनकी पुलिस टीम के साथ मिलकर इस ठिकाने पर छापामार कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि जिस घर में यह अवैध गुटखा फैक्ट्री काफी समय से चल रही थी, वह नयागांव निवासी अरुण रिछारिया का है। छापे के दौरान मौके पर कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं मिला। ‘चाचाजी’ और ‘आशा मास्टर जी’ के नाम से हो रही थी पैकिंग
टीम ने जब घर के अंदर तलाशी ली तो वहां गुटखा बनाने की मशीनरी और भारी मात्रा में कच्चा माल पड़ा मिला। पुलिस और खाद्य विभाग ने कुल 11 बोरी तैयार गुटखा जब्त किया है, जिसके पाउच पर ‘चाचाजी’ और ‘आशा मास्टर जी’ ब्रांड का नाम छपा हुआ था। सुरक्षा की दृष्टि से जब्त की गई पूरी सामग्री और मशीनरी को नौगांव थाने में रखवा दिया गया है। राकेश गुप्ता पर सालों से संचालन का शक, लैब भेजे जाएंगे सैंपल
सूत्रों के मुताबिक, इस अवैध गुटखा फैक्ट्री का संचालन राकेश गुप्ता नाम का व्यक्ति पिछले कई वर्षों से कर रहा था। पुलिस अब इस एंगल पर भी गहराई से जांच कर रही है और फरार आरोपियों का पता लगा रही है। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए गुटखे के नमूने (सैंपल) जांच के लिए लेबोरेटरी भेजे जाएंगे। रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम सहित अन्य सख्त धाराओं में केस दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *