सागर में गोपालगंज थाना पुलिस ने जिलाबदर आदेश का उल्लंघन कर शहर में घूम रहे एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी को 6 महीने के लिए जिले की सीमा से बाहर किया गया था, लेकिन वह चोरी-छिपे शहर में वापस लौट आया था। पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ा और गुरुवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि बाघराज वार्ड तिली का रहने वाला जिलाबदर आरोपी जग्गी उर्फ जगदीश (पिता भगवान दास रैकवार, उम्र 25 वर्ष) सेलिब्रेशन तिरूपतिपुरम क्षेत्र में संदिग्ध रूप से घूम रहा है। इस पक्की सूचना के मिलते ही पुलिस टीम को तुरंत कार्रवाई के लिए मौके पर रवाना किया गया। पुलिस को देखकर भागने लगा था आरोपी जैसे ही पुलिस की टीम तिरुपतिपुरम पहुंची, आरोपी जग्गी पुलिस को देखकर वहां से भागने लगा। पुलिस जवानों ने दौड़कर उसका पीछा किया और उसे दबोच लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस उसे थाने लेकर आई। थाने में जब उससे शहर में वापस आने का कारण पूछा गया, तो वह कोई भी संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। 6 नवंबर को मालथौन बॉर्डर के बाहर छोड़ा गया था गिरफ्तार आरोपी जग्गी उर्फ जगदीश को कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी के आदेश पर 6 माह की अवधि के लिए जिला बदर किया गया था। आदेश के पालन में पुलिस ने 6 नवंबर को आरोपी को मालथौन बॉर्डर से जिला सीमा के बाहर छोड़ दिया था। इसके बावजूद आरोपी बिना किसी अनुमति के आदेश का उल्लंघन कर सागर शहर में आ गया था। उल्लंघन करने वालों पर लगातार हो रही कार्रवाई गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम शर्मा ने बताया, “जिला बदर और अन्य प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लंघन करने वाले अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। जिलाबदर आदेश का उल्लंघन करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।” पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया है। .