MP Weather Update: मध्य प्रदेश में इन दिनों कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। प्रदेश के आधे से अधिक हिस्से में घना कोहरा छाया हुआ है, वहीं कई जिलों में कोल्ड वेव और कोल्ड डे की स्थिति बनी हुई है. राजधानी भोपाल में जनवरी महीने की सर्दी ने पिछले 10 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है, जिससे लोग दिनभर ठिठुरने को मजबूर हैं.
ग्वालियर, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई. घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए और यातायात प्रभावित हुआ. इसके अलावा भोपाल, उज्जैन, नीमच, मंदसौर, रतलाम, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, विदिशा, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, गुना, अशोकनगर, सीहोर, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल और मैहर में भी कोहरे का व्यापक असर देखा गया.
कोल्ड वेव चलने का अलर्ट
मौसम विभाग ने भोपाल, सीहोर, राजगढ़ और शाजापुर जिलों में कोल्ड वेव चलने का अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक सर्दी से राहत मिलने के आसार कम हैं और न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है.
कड़ाके की ठंड को देखते हुए बच्चों को राहत देने के लिए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है. इंदौर, रायसेन-नर्मदापुरम और ग्वालियर सहित कई जिलों में आज भी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है. वहीं भोपाल, धार, सीहोर, अनूपपुर, बड़वानी, मुरैना और खरगोन जिलों में स्कूल सुबह 9 बजे के बाद ही खोले जाएंगे. तेज ठंड के चलते प्रशासन ने नागरिकों से सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.
कक्षा 8 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित
शीत लहर को देखते हुए शिवपुरी में नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूलों में 7 और 8 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर के अनुमोदन के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने इसके आदेश जारी किए.
शीतलहर के कारण बुधवार को भी जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूल बंद रहेंगे. कलेक्टर के निर्देश पर आदेश जारी किए गए हैं. वहीं 8 जनवरी से स्कूलों का समय बदलकर सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक किया जाएगा, इससे पहले और बाद में स्कूल नहीं खुलेंगे.