नरसिंहपुर जिले के गोटेगांव थाना क्षेत्र में 30 रुपए खर्च के बाद दो बहनें घर से भाग गईं। उन्हें डर था कि माता-पिता उन्हें डांटेंगे। वे पूरी रात खेतों की झाड़ियों में छिपी रहीं। पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाकर दोनों बच्चियों को गुरुवार को सुरक्षित ढूंढ निकाला। यह घटना मंडला जिले से मजदूरी करने आए एक परिवार से जुड़ी है। बुधवार शाम को दोनों बच्चियों ने घर से 30 रुपए निकालकर कुरकुरे और बिस्किट खरीदे थे। उन्हें डर था कि माता-पिता को पैसों के बारे में पता चलने पर वे डांटेंगे, जिसके कारण वे घर से निकल गईं। पूरी रात झाड़ियों में छुपी रहीं बच्चियां बच्चियों के लगभग तीन घंटे तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने गोटेगांव पुलिस को सूचना दी। मामला बच्चियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने बुधवार शाम को सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पूरी रात चली तलाश के बाद गुरुवार सुबह पुलिस को दोनों बच्चियां गांव से लगे खेतों में कहुआ के पेड़ और रेमुनिया की झाड़ियों के बीच छिपी मिलीं। वे पूरी रात वहीं रुकी थीं। पुलिस द्वारा पूछताछ करने पर बच्चियों ने बताया कि वे माता-पिता की डांट और पिटाई के डर से घर नहीं लौटी थीं। बच्चियों को समझाकर परिजनों को सौंपा गोटेगांव एसडीओपी मनीष त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि बच्चियां गांव के पास कहुआ के पेड़ और बाद में झाड़ियों के बीच छिपी मिली थीं। पुलिस ने बच्चियों को समझाकर सुरक्षित उनके माता-पिता को सौंप दिया। परिजनों को भी बच्चों के साथ संयम और संवेदनशील व्यवहार रखने की सलाह दी गई। .