Last Updated:
घर पर अंगूरी रसमलाई बनाना अब आसान है. मुलायम छेना से बने अंगूरी बॉल्स, मीठी चाशनी और केसरिया रबड़ी में घुलकर हर चम्मच को खास बना देंगे. यह सरल विधि त्योहार या किसी खास मौके के लिए परफेक्ट है, जिससे आप परिवार के साथ मिठास का आनंद बढ़ा सकते हैं. आइए जानते है इसकी आसान रेसिपी…
एक बार घर पर अंगूरी रसमलाई बनाई तो अंगुलियों को चाटते रह जाएंगे. यह हलवाई जैसी रेसिपी बेहद आसान है. घर के सामान्य सामान से इसे तैयार किया जा सकता है और परिवार के लिए मीठा त्योहार या खास अवसर और भी यादगार बन जाएगा.

दूध को उबालें और उसमें धीरे-धीरे नींबू पानी या हल्का सिरके वाला पानी डालें. जब दूध फटकर छेना अलग दिखने लगे तो गैस बंद करें. ठंडा पानी डालकर खट्टापन रोकें. छेना को कपड़े में छानकर 20-25 मिनट तक लटकाएं और हल्का नमी वाला रखें.

छेना को हाथों से 7–8 मिनट तक अच्छी तरह मसलें. जब यह स्मूद और मुलायम हो जाए, तो इसमें आधा चम्मच मैदा डालें और 1–2 मिनट तक फिर से मसलें. इसके बाद छोटे-छोटे अंगूर के आकार के गोल बॉल्स बनाएं. ध्यान रखें कि बॉल्स क्रैक न हों और पूरी तरह चिकने और गोल हों.
Add News18 as
Preferred Source on Google

एक बड़े भगोने में पानी और चीनी डालकर उबालें. उबाल आने पर अंगूरी बॉल्स डालें और ढक्कन बंद करके 10–12 मिनट तेज आंच पर पकाएं. बॉल्स फूलकर दोगुने हो जाएंगे. ध्यान रखें कि चाशनी पतली रहे, गाढ़ी न हो.

दूध उबालें और धीमी आंच पर 20–25 मिनट पकाएं. दूध थोड़ा गाढ़ा होने पर इसमें चीनी, केसर भिगोया दूध, इलायची पाउडर और कटे हुए मेवे डालें. ध्यान रहे कि दूध हल्का गाढ़ा हो, बहुत गाढ़ा न करें.

चाशनी से अंगूरी बॉल्स हल्के हाथ से निकालें और थोड़ा दबाकर अतिरिक्त चाशनी हटा दें. फिर इन्हें तैयार रबड़ी में डालें. ध्यान रहे कि बॉल्स टूटें नहीं और रबड़ी के स्वाद के साथ अच्छी तरह मिल जाएं.

अंगूरी रसमलाई को कम से कम दो घंटे फ्रिज में ठंडा होने दें. जितना ठंडा होगा, स्वाद उतना ही बढ़िया. फिर तैयार मिठाई को सर्व करें और देखें कि हर एक बॉल रबड़ी में अच्छी तरह घुलकर हर चम्मच में स्वाद का आनंद बढ़ा दे.
.