सतना जेल के कैदियों द्वारा सरकारी बैंक खाते से 52 लाख उड़ाने की सूचना फर्जी, जेल अधीक्षक ने एसपी से की शिकायत

सतना जेल के कैदियों द्वारा सरकारी बैंक खाते से 52 लाख उड़ाने की सूचना फर्जी है। जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने एसपी सतना को शिकायत की है, और आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल अफवाहों पर भरोसा न करें। इस मामले में सोशल मीडिया पर झूठी सूचना फैलाने वालों पर कार्रवाई के लिए कहा गया है।

Publish Date: Sun, 19 Oct 2025 10:52:13 AM (IST)

Updated Date: Sun, 19 Oct 2025 11:02:39 AM (IST)

सोशल मीडिया पर डाली गई फर्जी सूचना का स्क्रीनशॉट, दूसरी तस्वीर सतना जेल की।

HighLights

  1. सोशल मीडिया पर सतना जेल को लेकर फैलाई जा रही झूठी सूचना।
  2. जेल अधीक्षक ने इसकी जांच और कार्रवाई के लिए एसपी को लिखा पत्र।
  3. प्रारंभिक जांच में यह आजमगढ़ जेल का है, जिसे एडिट करके सतना लिखा गया।

नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। सोशल मीडिया पर सतना केंद्रीय जेल को लेकर वायरल हो रही एक रील ने हर किसी को हैरान कर दिया। इंस्टाग्राम पर Mr Factician नाम के अकाउंट से साझा की गई रील में दावा किया गया कि जेल के बंद कैदियों ने सरकारी बैंक खाते से 52 लाख रुपए की साइबर ठगी की और रकम का हिस्सा शादी, बुलेट खरीद और जेल खर्चों में उड़ाया है। इस झूठी सूचना को लेकर जेल अधीक्षक ने सतना एसपी को पत्र लिखकर शिकायत की है।

उनका कहना है कि सतना जेल पूरी तरह सुरक्षित है और इसमें किसी भी प्रकार का साइबर ठगी का मामला सामने नहीं आया है। प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल अफवाहों पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक जानकारी पर विश्वास करें।

जेल प्रशासन का स्पष्ट विरोध

केन्द्रीय जेल सतना की जेल अधीक्षक लीना कोष्टा ने इस वायरल वीडियो को फर्जी बताते हुए एसपी सतना को लिखित शिकायत की। जांच में स्पष्ट हुआ कि सतना जेल में ऐसा कोई मामला घटित नहीं हुआ है। वायरल रील में एडिट करके जेल का नाम जोड़ा गया था, जिससे आमजन में नकारात्मक संदेश फैल रहा था।

सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई जरूरी

जेल अधीक्षक ने Mr Factician और अन्य संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोका जा सके। वायरल वीडियो के स्क्रीनशॉट भी प्रशासन को संदर्भ के उपलब्ध कराए गए हैं।

एफआईआर करवाई जाएगी

यह घटना आजमगढ़ जेल की हैं, जिसे एडिट कर सतना जेल की घटना बताते हुए रील पोस्ट की गई है। जिसकी जांच के बाद एफआईआर करवाई जाएगी। – लीना कोस्टा, जेल अधीक्षक सतना

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *