How to keep mosquito out of home in monsoon: इस बार मानसून में हर जगह हालात बेहद ही खराब होते जा रहे हैं. देश के कई राज्यों में बाढ़ की स्थिति बन गई है. गली-गली पानी भरने से आम जीवन अस्त-व्यस्त है. बारिश के मौसम में सबसे ज्यादा मच्छर जनित रोगों जैसे चिकनगुनिया,
डेंगू, मलेरिया के होने का खतरा भी बहुत अधिक बढ़ जाता है. जमा हुआ पानी मच्छरों को पनपने का भरपूर मौका देता है. ऐसे में आपके घर के आसपास भी पानी इकट्ठा है तो आप घर से मच्छरों को दूर रखने के लिए ये उपाय आजमाना शुरू कर दें. ऐसा इसलिए क्योंकि अगर एक बार डेंगू, चिकनगुनिया हो जाए और इसका इलाज सही से ना मिले तो इसमें जान भी चली जाती है.
मच्छरों से बचने के उपाय
पानी जमा न होने दें
– सबसे पहले आप अपने घर या उसके आसपास जमा हुआ पानी हटाने की कोशिश करें. ये मच्छरों को पनपने का भरपूर मौका देता है.
-मच्छर रुके हुए पानी में पनपते हैं, इसलिए पहला कदम है कि अपने घर के आसपास पानी जमा होने वाले स्थानों को सबसे पहले हटाएं.
-गमलों की तश्तरियां, बाल्टियां और बर्डबाथ नियमित रूप से खाली करें.
-पानी रखने वाले बर्तनों को अच्छी तरह से ढककर रखें.
-कूलर, पानी की टंकी और नालियों को कम से कम हफ्ते में एक बार साफ करें.
दरवाजे-खिड़कियों को मच्छर-रोधी बनाएं
-खिड़कियों और दरवाजों पर यदि जाली नहीं लगी है तो जरूर लगवा लें. इससे मच्छर अंदर नहीं घुसेंगे. शाम होने से पहले सभी खिड़कियां बंद कर लें. जाली में कोई छेद या खाली जगह न हो. दरवाजों पर क्लोजर लगाएं.
नेचुरल रेपेलेंट्स का करें इस्तेमाल
-मच्छरों को दूर रखने के लिए आप घर के अंदर रेपेलेंट्स का इस्तेमाल कर सकते हैं:
-इसके लिए आप नेचुरल तरीकों में नीम का तेल, सिट्रोनेला मोमबत्तियां, कपूर और तुलसी के पौधे प्राकृतिक रूप से मच्छरों को भगाने में मदद करते हैं.
-आप चाहें तो मार्केट में मिलने वाले केमिकल युक्त रेपेलेंट्स जैसे लिक्विड वेपोराइजर, कॉइल और प्लग-इन मशीनें भी खरीद सकते हैं. इनसे भी मच्छर मरते हैं. हां, इन्हें प्रॉपर वेंटिलेशन वाली जगह पर ही रखकर ऑन करें, ताकि इसका केमिकल युक्त धुआं निकलता भी रहे.
घर को साफ रखें
-गंदगी और नमी वाले स्थान मच्छरों को आकर्षित करते हैं. अपने घर को सूखा और हवादार रखें. दिन के समय आप खिड़कियां थोड़ी खोल सकते हैं.
-बिस्तर की चादर और पर्दे को बदलते रहें.
-गीले कपड़े घर के अंदर टंगे न छोड़ें।
-कूड़े को ढककर रखें और हर दिन बाहर फेंकें.
-मच्छर अधिक हैं तो मच्छरदानी लगाकर सोएं.
– शाम के समय आप और बच्चों को फुल-स्लीव्स के कपड़े पहनाएं. हल्के रंग के कपड़े पहनने से भी मच्छर कम काटते हैं.