Vegetable Appe Recipe: सर्दियों में शाम की चाय का मजा तभी पूरा होता है, जब उसके साथ कुछ गरमा-गरम और क्रिस्पी नाश्ता भी मिल जाए. अक्सर हम चाय के साथ बिस्किट या नमकीन खाकर जल्दी बोर हो जाते हैं. पकौड़े बनाने का मन हो तो तेल की वजह से चिंता बढ़ जाती है. ऐसे में अगर आप कुछ हल्का, हेल्दी और स्वाद में शानदार बनाना चाहते हैं, तो वेजिटेबल अप्पे आपके लिए एक परफेक्ट ऑप्शन है. वेजिटेबल अप्पे साउथ इंडिया की एक बेहद लोकप्रिय रेसिपी है, जिसे पूरे देश में पसंद किया जाता है. बाहर से यह कुरकुरे और अंदर से नरम होते हैं, जैसे रुई. सबसे खास बात, इसे बनाने में बहुत कम तेल लगता है और यह पचने में हल्के होते हैं. सब्जियों से भरे होने के कारण यह बच्चों के लिए भी फायदेमंद नाश्ता है. अब अगर आप सोच रहे हैं कि इसे बनाना मुश्किल है, तो चिंता की कोई बात नहीं. यह रेसिपी बहुत आसान है और मिनटों में तैयार हो जाती है. आइए जानते हैं इसे बनाने का आसान तरीका.
वेजिटेबल अप्पे बनाने के लिए सामग्री
-सूजी: 1 कप
-दही: आधा कप (थोड़ा खट्टा हो तो स्वाद और बढ़ जाता है)
-सब्जियां: 1 प्याज, 1 टमाटर, 1 शिमला मिर्च, थोड़ी गाजर (सब बारीक कटी हुई)
-मसाले: नमक, काली मिर्च, हरी मिर्च (स्वादानुसार)
-तड़का: राई और कढ़ी पत्ता
-मैजिक इंग्रीडिएंट: 1 छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
वेजिटेबल अप्पे बनाने की आसान विधि
1. सबसे पहले एक बड़े कटोरे में सूजी और दही मिलाकर गाढ़ा घोल बना लें, अगर जरूरत हो तो थोड़ा पानी डालें. इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें, ताकि सूजी फूल जाए.
2. अब इसमें सभी कटी हुई सब्जियां, नमक और मिर्च डालें. स्वाद बढ़ाने के लिए एक छोटे पैन में तेल गर्म करें, उसमें राई और कढ़ी पत्ता चटकाएं और घोल में डाल दें.
3. बनाने से ठीक पहले बेकिंग सोडा डालें और हल्के हाथ से मिलाएं. इससे अप्पे फूले-फूले बनेंगे.
4. अप्पे के सांचे को गैस पर रखें और हर खाने में केवल एक-एक बूंद तेल डालें. चम्मच से घोल को सांचों में भरें.
5. ढककर धीमी आंच पर 2-3 मिनट पकाएं. जब नीचे से सुनहरे हो जाएं, तो पलट दें और दूसरी तरफ से भी पकाएं.
बस, तैयार हैं आपके गरमा-गरम, क्रिस्पी और हेल्दी वेजिटेबल अप्पे.
.