धार जिले के राजगढ़ में विधायक प्रताप ग्रेवाल सोमवार शाम संजय कॉलोनी पहुंचे। वे वार्ड 4 के पार्षद प्रतिनिधि भारत सिंगार की शिकायत पर नलों में आ रहे गंदे पानी का निरीक्षण करने गए थे।
.
निरीक्षण के दौरान विधायक ग्रेवाल ने नलों से आ रहे गंदे और बदबूदार पानी को देखा। उन्होंने गिलास में भरे पानी को बाल्टी में फेंक दिया और अधिकारियों से पूछा, ‘क्या राजगढ़ को भी भागीरथपुरा बनाने में लगे हो?’ इस पर अधिकारी कोई जवाब नहीं दे पाए।
इससे पहले, विधायक प्रताप ग्रेवाल ने सोमवार को नगर परिषद राजगढ़ के सभाकक्ष में पार्षद और जल प्रभारी कर्मचारियों के साथ एक आवश्यक बैठक की। बैठक में उन्होंने जल प्रदाय से संबंधित 10 बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने सीएमओ ज्योति सुनारिया से नगर में लगे वाल्व की संख्या और प्रतिदिन कितने लाख लीटर पानी की आपूर्ति हो रही है, इसकी जानकारी ली। पार्षदों ने भी पेयजल संबंधी अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया।
यह बैठक 1 जनवरी को होनी थी, लेकिन तब नहीं हो पाई थी, जिस पर विधायक ग्रेवाल ने नाराजगी व्यक्त की। बैठक के बाद विधायक संजय कॉलोनी के भ्रमण पर निकले।
यहां विधायक ने रहवासियों से पूछा कि नलों में शुद्ध पानी आ रहा है या गंदा। रहवासियों ने बताया कि काफी समय से गंदा पानी आ रहा है और उन्होंने नगर परिषद को इसकी सूचना भी दी थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। रहवासियों ने विधायक को कॉलोनी में खराब सफाई व्यवस्था और लंबे समय से नालियों की सफाई न होने की शिकायत भी की।
इस पर विधायक ने सीएमओ को सख्त निर्देश दिए कि सफाई व्यवस्था पर पूरा ध्यान दिया जाए।

.