रोज़ की दाल से बोर? ट्राई करें ये शाही दाल बुखारा रेसिपी जो आपके मेन्यू को बनाए खास, हर कोई पूछेगा रेसिपी

Dal Bukhara Recipe: घर में रोज़ बनने वाली दाल खाने में भले ही हल्की और आराम देने वाली लगती है, लेकिन सच ये है कि एक ही तरह का स्वाद रोज़-रोज़ खाकर हर किसी का मन ऊब ही जाता है. अकसर हमें कुछ ऐसा खाने का मन करता है जो रेस्टोरेंट जैसा हो, थोड़ा क्रीमी हो और खाने में भी इतना टेस्टी कि एक बार खाने के बाद लंबे समय तक उसका स्वाद याद रह जाए. ऐसे में दाल बुखारा एक शानदार विकल्प बन जाती है. दाल बुखारा उन रेसिपीज़ में से एक है, जिसका नाम सुनते ही एक शाही-सा फील आता है. दिखने में ये दाल मखनी जैसी लगती है, लेकिन इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों अलग होते हैं. इसका स्मोकी-सा फ्लेवर, क्रीमीनेस और लाजवाब तड़का इसे खास बना देता है. कई लोग इसे होटल या रेस्टोरेंट में ही खाकर मान लेते हैं कि इसे घर में बनाना मुश्किल है, लेकिन सच ये है कि अगर सही तरीका पता हो, तो ये दाल घर में भी एकदम रेस्टोरेंट जैसी बन जाती है, अगर आप भी वही रोज़ वाली दाल खाकर बोर हो चुकी हैं और इस बार कुछ ऐसा ट्राई करना चाहती हैं जिसे पूरा घर चाव से खाए, तो दाल बुखारा आपके लिए एकदम परफेक्ट डिश है. इसे बनाने में थोड़ा समय ज़रूर लगता है, लेकिन एक बार तैयार हो जाने के बाद इसका स्वाद आपकी मेहनत को पूरी तरह सफल कर देता है. तो चलिए, बिना देर किए जानते हैं कि घर पर दाल बुखारा कैसे बनाई जाती है ताकि आपके लंच या डिनर में आए एकदम रेस्टोरेंट वाला मज़ा.

दाल बुखारा बनाने की रेसिपी
1. उड़द दाल की तैयारी
सबसे पहले पूरी काली उड़द दाल को अच्छे से धो लें. इसके बाद इसे रात भर पानी में भिगोकर रख दें ताकि ये अच्छी तरह फूल जाए. सुबह इसका पूरा पानी निकाल दें और दाल को प्रेशर कुकर में डालें. इसके साथ पानी, नमक, हल्दी और दो तेज पत्ते डालें. अब कुकर का ढक्कन बंद कर दें और लगभग 7 सीटी आने तक पकने दें. इसके बाद गैस बंद कर दें और प्रेशर को अपने आप निकलने दें, इससे दाल एकदम मुलायम हो जाती है.

2. मसाला बनाने की प्रक्रिया
-अब एक कढ़ाई लें और उसमें थोड़ा सा तेल या घी गरम करें. जैसे ही तेल गरम हो जाए, उसमें जीरा, बड़ी इलायची और एक छोटा सा दालचीनी का टुकड़ा डालें. इसे हल्का सा भूनें ताकि खुशबू बाहर आए. अब इसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और एक मिनट पकाएं.
-इसके बाद टमाटर प्यूरी डालने की बारी आती है. इसके लिए टमाटरों को पहले उबालिए, फिर ठंडा होने पर उन्हें पीसकर मुलायम प्यूरी बना लें. इस प्यूरी को कढ़ाई में डालें और तब तक पकाएं जब तक टमाटर की कच्ची महक पूरी तरह गायब न हो जाए और मसाले के किनारों पर तेल दिखाई देने लगे.

3. दाल और मसाले को मिलाना
-अब कुकर में पकी हुई उड़द दाल को मसाले में डाल दें. इसी समय आप दाल का थोड़ा पानी भी इसमें मिला सकती हैं ताकि एक अच्छा क्रीमी टेक्सचर आ सके. दाल को हल्का सा मैश करते हुए मिलाएं, इससे इसका टेस्ट और भी बढ़ जाता है.
-स्वाद को बैलेंस करने के लिए एक छोटा चुटकी चीनी डालें. यह दाल में हल्की सी मिठास जोड़कर सारे मसाले को सेट कर देती है.

4. धीमी आंच पर पकाना
-अब कढ़ाई का ढक्कन बंद कर दें और दाल को धीमी आंच पर 8–10 मिनट पकने दें. ध्यान रखें कि बीच-बीच में दाल को चलाते रहें ताकि यह नीचे से चिपके नहीं, अगर आपको लगे कि दाल ज्यादा गाढ़ी हो रही है, तो इसमें थोड़ा और गर्म पानी डाल दें.
-दाल बुखारा की खासियत है कि यह गाढ़ी तो होती है, लेकिन चिपचिपी नहीं. इसका टेक्सचर क्रीमी, स्मूद और रिच होना चाहिए.

5. अंतिम तड़का और सर्विंग
जब दाल पूरी तरह पक जाए, तब इसमें गरम मसाला, थोड़ा सा बटर और क्रीम डालें. ऊपर से थोड़ी कसूरी मेथी हाथों से मसलकर डाल दें और गैस बंद कर दें. ये दाल की खुशबू और टेस्ट दोनों को शानदार बना देती है.

अब आपकी रेस्टोरेंट-स्टाइल दाल बुखारा तैयार है. इसे गरमा-गरम नान, तंदूरी रोटी, लच्छा पराठा या स्टीम्ड राइस के साथ परोसें और खाने का मज़ा दोगुना करें.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *