विदिशा के गुलाबगंज में होली के दिन हुए एक सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद विदिशा जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। यह घटना बासौदा रोड स्थित शराब दुकान के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बाइक सवार दो युवक कहीं जा रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद अज्ञात वाहन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी सुरेंद्र सोलंकी ने घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान समीर निवासी अनिक कुशवाहा (26) के रूप में हुई। घायल युवक कार्तिक मोंगिया (26) उदयपुर का रहने वाला है, जिसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला दर्ज कर लिया है। फरार वाहन चालक की तलाश जारी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान की जा सके। .