चित्रकूट के सिरसावन में चोरी के आरोप में युवक कांग्रेस के जिला महासचिव विभव पाण्डेय उर्फ विक्की को उनके पद से हटा दिया गया है। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वरुण ने यह कार्रवाई की है। यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष वरुण ने एक पत्र जारी कर बताया कि विभव का यह कृत्य अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। इससे पार्टी की छवि धूमिल हुई है, जिसके कारण उन्हें युवक कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और जिला महासचिव पद से निष्कासित किया गया है। यह मामला 20 जनवरी की रात सिरसावन निवासी मनोज मिश्रा के घर हुई 20 लाख रुपए की चोरी से जुड़ा है। पुलिस ने इस मामले में फरियादी के बेटे सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 लाख रुपए से अधिक की नकदी और लगभग 4 लाख रुपए के जेवरात बरामद किए थे। पकड़े गए आरोपियों में विभव पाण्डेय भी शामिल था, जो युवक कांग्रेस के जिला महासचिव के पद पर था। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। चोरी की वारदात में नाम आने के बाद विभव पर पार्टी संगठन की ओर से यह कार्रवाई की गई है। .