सिंगरौली जिले के नौढ़िया गांव में शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घायल युवक की शनिवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने गोरबी पुलिस चौकी के सामने चक्काजाम कर दिया। जानकारी के अनुसार, नौढ़िया निवासी 22 वर्षीय संजय कुमार केवट (पिता बबईलाल केवट) शुक्रवार शाम अपने कुछ साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने संजय की बेरहमी से पिटाई की और उसे अधमरी हालत में पास की झाड़ी में फेंककर फरार हो गए। राहगीर ने दी परिजनों को सूचना कुछ देर बाद एक राहगीर ने घायल संजय को देखा और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में संजय को उपचार के लिए बैढ़न स्थित सिंगरौली जिला अस्पताल ले गए। शनिवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। संजय की मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को गोरबी पुलिस चौकी के सामने रखकर चक्काजाम किया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश पर माने सूचना मिलने पर प्रभारी एसडीओपी राहुल सैयाम, गोरबी चौकी प्रभारी आईडी सिंह, एएसआई पिंटू राय और मोरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब एक घंटे बाद चक्काजाम समाप्त हुआ। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। .