सर्दी में मुर्गी पालन से कर सकेंगे तगड़ी कमाई, एक्सपर्ट की ये 8 बातें मान लें, रोज गिनेंगे नोट!

Poultry Business Tips: सर्दियों में अंडों की डिमांड बढ़ जाती है. ऐसे में पोल्ट्री फार्म का बिजनेस करने वाले लोग अगर सही तैयारी कर लें तो अच्छी कमाई कर सकते हैं. पोल्ट्री फार्म का काम करने वाले या शुरू करने वाले लोग पोल्ट्री विशेषज्ञ डॉ. रावत के इस आइडिया को जरूर जानें. इस तरीके से अंडा उत्पादन तो बढ़ेगा ही और आपकी आमदनी भी पहले से ज्यादा होगी.

1. मुर्गियों को दें सही प्रोटीन व विटामिन
अंडा उत्पादन बढ़ाने के लिए सबसे जरूरी है संतुलित प्रोटीन. डॉ. रावत कहते हैं कि रोजाना के चारे में 18–20 प्रतिशत प्रोटीन होना चाहिए. इसके लिए आप चारे में सोयाबीन, मक्के का चूरा और मछली भोजन का इस्तेमाल कर सकते हैं. विटामिन A, D और E मुर्गियों की सेहत और अंडा उत्पादन दोनों के लिए ज़रूरी होते हैं. ये विटामिन हड्डियों को मजबूत बनाते हैं और अंडा बनने की प्रक्रिया को तेज करते हैं. बाजार में पोल्ट्री विटामिन पाउडर आसानी से मिल जाता है, जिसे पानी में मिलाकर दिया जा सकता है.

2. सर्दी से बचाने के लिए उचित तापमान जरूरी
सर्दियों में ठंड बढ़ने से मुर्गियां चारा कम खाती हैं और अंडा उत्पादन घटने लगता है. इसलिए फार्म में तापमान नियंत्रित रखना बहुत जरूरी है. रात में घर बंद रखें. पंखों की हवा सीधे मुर्गियों पर न पड़े. यदि तापमान बहुत गिर रहा हो तो गैस ब्रोडर या बल्ब से हल्की गर्मी दें. 20–25 डिग्री का तापमान अंडा उत्पादन के लिए सबसे अच्छा माना जाता है.

3. साफ-सफाई रखें वरना घटेगा उत्पादन
पोल्ट्री फार्म की गंदगी कई तरह की बीमारियां फैलाती है, जिससे मुर्गियां कमजोर पड़ती हैं और अंडे कम देती हैं. रोजाना फर्श की सफाई करें. पानी के बर्तन दिन में दो बार धोएं. हफ्ते में एक बार कीटाणुनाशक का छिड़काव करें. राम पवार बताते हैं कि साफ-सफाई रखने वाले फार्म में बीमारी की संभावना बहुत कम हो जाती है और उत्पादन लगातार अच्छा रहता है.

4. रोशनी की सही व्यवस्था करें
अंडा उत्पादन में रोशनी का बड़ा रोल होता है. मुर्गियों को रोजाना लगभग 14 से 16 घंटे प्रकाश मिलना चाहिए. सर्दियों में दिन छोटे होते हैं, इसलिए शाम को 2–3 घंटे अतिरिक्त लाइट जलाना जरूरी है. इससे मुर्गियां ज्यादा समय सक्रिय रहती हैं और चारा भी ठीक से खाती हैं.

5. स्वच्छ पानी हमेशा उपलब्ध रखें
मुर्गियों को साफ और ताज़ा पानी मिलना चाहिए, वरना वे चारा कम खाती हैं और अंडों की संख्या घट जाती है. सर्दियों में पानी बहुत ठंडा न हो, थोड़ा गुनगुना पानी देना बेहतर रहता है। इससे मुर्गियों की पाचन क्रिया सही रहती है.

6. सही नस्ल का चुनाव भी जरूरी
अगर आप अंडा उत्पादन बढ़ाने का प्लान बना रहे हैं तो सही नस्ल चुनना बेहद जरूरी है. लेयर मुर्गियां पहले से ही ज्यादा अंडे देने के लिए प्रसिद्ध हैं. किसान राम पवार कहते हैं कि कई किसान देसी नस्ल पालते हैं और फिर उम्मीद करते हैं कि उत्पादन लेयर जितना मिलेगा, जबकि ऐसा संभव नहीं. इसलिए अगर लक्ष्य बिजनेस है, तो लेयर मुर्गियों को ही चुनना सबसे अच्छा रहता है.

7. समय पर वैक्सीन और दवाएं दें
मुर्गियों को समय पर टीके न दिए जाएं तो बीमारी तेजी से फैलती है. R2B, Marek, IBD, ND ये कुछ जरूरी वैक्सीन हैं जो फार्म में बीमारी रोकने के लिए दिए जाने चाहिए. बीमारी कम होगी तो उत्पादन खुद-ब-खुद बढ़ जाएगा.

8. चारे में कैल्शियम का होना जरूरी
अंडे का खोल मजबूत बनाने के लिए चारे में कैल्शियम की मात्रा सही होनी चाहिए. इसके लिए मुर्गियों को डोलोमाइट पाउडर, ग्रिट या ओएस्टर शेल दिया जा सकता है. इससे अंडा टूटने की संभावना कम होती है और क्वालिटी भी बेहतर मिलती है.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *