Last Updated:
Rat Cockroach Remedy: घर में चूहे, कॉकरोच, छिपकलियां और चीटियां आम परेशानी बन जाती हैं. केमिकल स्प्रे सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं, इसलिए देसी उपाय ज्यादा सुरक्षित हैं. पुदीने का तेल चूहों को भगाता है, तेज पत्ता कॉकरोच से छुटकारा दिलाता है, प्याज-लहसुन की गंध छिपकलियों को दूर रखती है और नींबू का रस चीटियों को भगाता है. कपूर जलाने से मच्छर और छोटे कीड़े दूर होते हैं. इन आसान घरेलू उपायों से बिना दवा के घर को साफ और कीट-मुक्त बनाया जा सकता है.
अक्सर हम देखते हैं कि घर में छोटे-छोटे कीड़े और जानवर जैसे चूहे, कॉकरोच, छिपकलियां और चीटियां बहुत परेशान करने लगते हैं. जैसे ही रात होती है चूहे अपने बिल से बाहर निकल आते हैं और फिर चीजें कतर देते हैं, रसोई में कॉकरोच गंदगी फैलाते हैं, गर्मियों में छिपकलियों का डर बना रहता है और मीठी चीजों पर चीटियों की फौज टूट पड़ती है. ऐसे में लोग तुरंत बाजार के केमिकल स्प्रे और दवाइयों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन यह बच्चों और घर के लोगों की सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. इसलिए आज हम बताएगें कुछ ऐसे आसान, सुरक्षित और देसी घरेलू उपाय, जिनसे आप बिना दवा के अपने घर को कीट-मुक्त बना सकते हैं.
पुदीने का तेल- घर में रात को चूहों का आना बहुत आम समस्या है. चूहे खाने-पीने की चीजें खराब कर देते हैं और कपड़े भी कुतर देते हैं. इससे बचने के लिए पुदीने का तेल बहुत असरदार माना जाता है. इसके लिए थोड़ा सा पुदीने का तेल किसी रुई या कपड़े में भिगो लें. उसे घर के कोनों, रसोई के पास या जहां चूहे आते हैं वहां रख दें. पुदीने की तेज खुशबू चूहों को बिल्कुल पसंद नहीं होती और वे वहां से दूर भाग जाते हैं.
रसोई में कॉकरोच होना सबसे ज्यादा गंदी और परेशान करने वाली बात है. ये खाने की चीजों को खराब कर देते हैं और संक्रमण भी फैला सकते हैं. इसके लिए तेज पत्ता एक बेहतरीन देसी उपाय है. सूखा तेज पत्ता अलमारी, गैस के पास या किचन के कोनों में रख दें. इसकी खुशबू से कॉकरोच दूर रहते हैं. कुछ ही दिनों में आप देखेंगे कि कॉकरोच कम होने लगेंगे.
Add News18 as
Preferred Source on Google
गर्मी शुरू होते ही घर में छिपकलियों की संख्या बढ़ने लगती है, जिससे साफ-सफाई और खाने की चीजों को लेकर चिंता बनी रहती है. कई बार इनके खाने में गिरने का डर भी रहता है. छिपकलियां प्याज और लहसुन की तेज गंध से दूर भागती हैं. इसके लिए प्याज के टुकड़े या लहसुन की कलियां घर के कोनों, रसोई, सिंक के नीचे और खिड़कियों के पास रख दें. इनकी तीखी खुशबू छिपकलियों को घर में आने से रोकती है. कुछ ही दिनों में फर्क नजर आने लगेगा और घर ज्यादा सुरक्षित बना रहेगा.
मीठी चीज जहां भी रखी होती है, वहां अक्सर चीटियों की लाइन लग जाती है, जिससे काफी परेशानी होती है. ऐसे में नींबू का रस एक बेहद असरदार घरेलू उपाय है. जहां-जहां चीटियां आती हैं, वहां थोड़ी मात्रा में नींबू का रस डाल दें. नींबू की खटास और तेज खुशबू से चीटियां तुरंत भाग जाती हैं और दोबारा आने से भी बचती हैं. यह उपाय खासकर किचन, मिठाई रखने वाली अलमारी और खाने की मेज के आसपास बहुत उपयोगी साबित होता है. नियमित इस्तेमाल से चीटियों की समस्या काफी हद तक खत्म हो सकती है.
कई बार घर में सिर्फ चूहे या कॉकरोच ही नहीं, बल्कि मच्छर, छोटे कीड़े और अजीब सी गंध भी परेशान करने लगती है. ऐसे में कपूर एक बहुत ही पुराना और असरदार देसी उपाय माना जाता है.कपूर की तेज खुशबू कीड़े-मकोड़ों को बिल्कुल पसंद नहीं होती. रात के समय एक छोटा सा कपूर का टुकड़ा लें फिर उसे किसी मिट्टी के दीपक या प्लेट में रखकर हल्का जला दें. फिर उसे कुछ मिनट तक कमरे या रसोई में रखने दें. कुछ ही देर में घर की हवा साफ महसूस होगी और मच्छर, कॉकरोच जैसे कीड़े धीरे-धीरे दूर भागने लगेंगे.
.