Year Ender 2025: आतंकियों की तबाही से लेकर सरकार के तख्ता पलट तक, दुनिया में घटीं साल की 13 सबसे बड़ी घटनाएं

2025 बस कुछ हफ्तों में अलविदा कहने वाला है. जंग और विवादों के इस साल में दुनिया भर में कुछ न कुछ घटना होती ही रही है. जहां एक तरफ भारत और पाकिस्तान के बीच कई दिनों तक बवाल चला दुनिया भर की मीडिया की हेडलाइन्स रहा. इसके अलावा पड़ोस में Gen-Z ने सरकार गिरा दी. वहीं, ऐसा कहना गलत नहीं होगा कि इस साल अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप सबसे बड़े न्यूजमेकर रहे. आगे जानें 2025 की कुछ ऐसी घटनाओं के बारे में दो साल भर चर्चाओं में रहीं.

Operation Sindoor

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में अप्रैल 2025 में आतंकियों ने घुसकर पर्यटकों से उनका धर्म पूछकर उनकी हत्या कर दी. इस घटना में करीब 26 लोग मारे गए. इसके बाद कार्रवाई करते हुए भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर अभियान चलाया और मई 2025 में पाकिस्तान में स्थित आतंक के 9 ठिकानों को तबाह कर दिया.

Charlie Kirk Assassination

ट्रंप के करीबी रहे चार्ली किर्क की एक कार्यक्रम के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई. इस घटना ने सबको अंदर तक हिलाकर रख दिया. चार्ली अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेहद करीबी थे, इसके साथ ही युवाओं में उनकी काफी लोकप्रियता थी.

America Shutdown

अमेरिका में शटडाउन भी इस साल चर्चा का विषय रहा. लगभग 43 दिनों तक अमेरिका में शटडाउन जारी था और इस दौरान सरकारी कामकाज ठप्प हो गए थे. इसका असर हवाई सेवा पर भी देखने को मिला. यह अमेरिका का अब तक का सबसे लंबा शटडाउन था. इससे पहले भी राष्ट्रपति ट्रंप के समय में ही सबसे लंबा शटडाउन चला था.

Iran Israel War

इस साल इजरायल और ईरान के बीच भीषण युद्ध देखने को मिला, जिसमें अमेरिका ने भी इजरायल का साथ दिया. जून 2025 में, इजरायल ने ऑपरेशन ‘राइजिंग लायन’ शुरू किया और अमेरिका की मदद से ईरान के न्यूक्लियर और मिसाइल के ठिकानों पर तबाही मचा दी. जवाब में, ईरान ने इजरायली मिलिट्री जगहों पर बड़ी मिसाइलों से हमला किया. इजरायल और अमेरिका के हमले में ना केवल ईरान का न्यूक्लियर ठिकाना तबाह हुआ, बल्कि उसके न्यूक्लियर वैज्ञानिक भी मारे गए.

American Pope

इतिहास में पहले अमेरिकी पोप, पोप लियो एक्सआईवी, रॉबर्ट फ्रांसिस प्रेवोस्ट, इस साल 8 मई को चुने गए. उन्हें पोप फ्रांसिस की मृत्यु के बाद चुना गया था. 21 अप्रैल 2025 को पोप फ्रांसिस की मौत के बाद, कार्डिनल्स ने उनके उत्तराधिकारी को चुनने के लिए 7-8 मई को कॉन्क्लेव में मीटिंग की. चौथे बैलेट पर, उन्होंने बिशपों के लिए डिकास्टरी के हेड, अमेरिका में जन्मे कार्डिनल रॉबर्ट फ्रांसिस प्रीवोस्ट को चुना, जिन्होंने पोप लियो एक्सआईवी नाम लिया.

Air India Flight Crash

इस साल गुजरात के अहमदाबाद में हुए दर्दनाक विमान हादसे ने सबके दिल को झकझोर कर रख दिया था. यह बेहद भयावह दुर्घटना थी, जिसमें एक शख्स को छोड़कर विमान में सवार सभी लोगों की मौत हो गई थी. इसके अलावा विमान जिस बिल्डिंग से टकराई, उसमें अस्पताल के हॉस्टल में खाना खा रहे कई डॉक्टरों की जिंदगी पर पूर्णविराम लग गया. इस घटना का मंजर बेहद डरावना था, जिसमें लगभग 270 लोगों की मौत हो गई. इनमें से 241 लोग विमान में सवार थे.

Nepal Gen-Z Protest

नेपाल का Gen Z प्रोटेस्ट इस साल सुर्खियों में रहा. सोशल मीडिया पर बैन को लेकर शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसा में बदल गया. जेन जेड के विरोध प्रदर्शन इस कदर भड़के कि नेपाल में केपी ओली की सरकार का तख्तापलट हो गया. युवाओं का यह गुस्सा बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से जुड़ा था.

Trump Elon Musk Fall Out

इस साल एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप भी एक खास वजह से काफी सुर्खियों में रहे. दरअसल, 2024 में अमेरिकी चुनाव के दौरान मस्क और ट्रंप की जुगलबंदी देखने को मिली. हालांकि, 2025 आते-आते इन दोनों की दोस्ती को नजर लग गई और मस्क और ट्रंप पूरी दुनिया के सामने एक-दूसरे से जुबानी जंग करते हुए नजर आए.

Trump Tarrifs

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपने दूसरे कार्यकाल की शुरुआत के साथ ही टैरिफ बम फोड़ दिया. ट्रंप सरकार ने अमेरिका द्वारा आयातित सामान पर भारी शुल्क लगाने का ऐलान किया, जिसका वैश्विक बाजार पर गहरा असर पड़ा. इन टैरिफ के कारण वैश्विक व्यापार में तनाव बढ़ा, खासकर चीन और यूरोपीय देशों के साथ. समर्थक इसे अमेरिकी उद्योगों की सुरक्षा बताते हैं, जबकि आलोचकों के अनुसार इससे महंगाई और व्यापारिक टकराव बढ़े. भारत और चीन समेत तमाम देशों पर ट्रंप ने टैरिफ लागू किया.

Pakistan Afghanistan War

कभी अफगानिस्तान पर तालिबान के कब्जा करने पर सबसे ज्यादा खुश होने वाला पाकिस्तान आज रो रहा है. पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पर तनाव जारी है. दोनों देशों ने तीन राउंड की वार्ता की, लेकिन कुछ हल नहीं निकला.

Thailand Cambodia War

थाईलैंड और कंबोडिया के बीच भी इस साल काफी तनाव देखने को मिला है. दोनों देशों के बीच भारी हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति की मध्यस्थता में सुलह कराई गई, लेकिन कुछ ही महीनों के बाद एक बार फिर सीजफायर समझौता टूट गया.

Russia India China Rise

एससीओ के मंच पर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मुलाकात की चर्चा पूरी दुनिया में हो रही थी. खास तौर से अमेरिका की नजर इन महाशक्तियों के महामिलन पर थी.

Putin India Visit

सबसे खास बात इस साल के आखिरी महीने यानी दिसंबर में भारत-रूस शिखर सम्मेलन ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा. रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दो दिवसीय दौरे पर भारत पहुंचे थे, जहां उनका भव्य स्वागत हुआ. इस दौरान, भारतीय पीएम मोदी और पुतिन के बीच कई मुद्दों पर बातचीत हुई. इस सम्मेलन पर यूरोप, अमेरिका और चीन समेत कई एशियाई देशों की नजर थीं, क्योंकि रूस-यूक्रेन युद्ध के बाद पहली बार पुतिन भारत पहुंचे थे, जो सुर्खियों में रहा.

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *