महिला प्रीमियर लीग के चौथे संस्करण (WPL 2026) का खिताबी मुकाबला आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के बीच है. एक तरफ दूसरे संस्करण की विजेता है, जो स्मृति मंधाना की कप्तानी में इस सीजन अंक तालिका की टॉप पर रही. दूसरी तरफ दिल्ली, जो पहले सीजन से हर बार फाइनल में पहुंची है लेकिन कभी जीत नहीं पाई. जानिए आज चैंपियन टीम को कितनी धनराशि ईनाम के रूप में मिलेगी और उपविजेता को कितने रुपये मिलेंगे.
स्मृति मंधाना की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने इस सीजन खेले 8 में से 6 मैच जीते हैं. वह एकमात्र टीम थी, जो 12 अंक तक पहुंची. दिल्ली कैपिटल्स की बात करें तो जेमिमा रोड्रिगेज की कप्तानी वाली ये टीम तीसरे स्थान पर रही थी, जिसने 8 में से 4 मैच जीते और 4 हारे थे. दिल्ली टीम ने एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर एक बार फिर फाइनल में जगह बनाई है, इस बार टीम हर बार फाइनल हारने के अनचाहे रिकॉर्ड को खत्म करना चाहेगी.
WPL 2026 चैंपियन टीम की प्राइज मनी
महिला प्रीमियर लीग का पहला संस्करण 2023 में हुआ था, जिसे मुंबई इंडियंस ने जीता था. मुंबई को चैंपियन बनने पर 6 करोड़ रुपये मिले थे, तब से पिछले सीजन तक यही प्राइज मनी है. इस बार भी अभी तक प्राइज मनी में इजाफे की कोई खबर नहीं है. यानी आरसीबी या दिल्ली, जो भी आज चैंपियन बनेगा उन्हें 6 करोड़ रुपये इनामी राशि मिलेगी.
उपविजेता टीम को पहले सीजन से 3 करोड़ रुपये मिलते हैं. प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट को 5 लाख रुपये अलग से दिए जाएंगे. ऑरेंज कैप विनर, पर्पल कैप विनर, सबसे ज्यादा छक्के और सबसे अच्छे स्ट्राइक रेट वाले खिलाड़ी को भी 5-5 लाख रुपये अलग से मिलेंगे. फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच अवार्ड जीतने वाले खिलाड़ी को 2.5 लाख रुपये मिलेंगे.
WPL 2026 फाइनल कब-कहां होगा?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम दिल्ली कैपिटल्स फाइनल मैच बीसीए स्टेडियम, कोटांबी (वडोदरा) में आज (5 फरवरी) शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा. टॉस 7 बजे होगा.
कहां देखें RCB vs DC फाइनल लाइव?
महिला प्रीमियर लीग 2026 के फाइनल मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार ऐप और वेबसाइट पर होगी.
.