गुना के नानाखेड़ी इलाके में एक नवविवाहिता का शव फांसी फंदे पर लटका मिला। उसकी नाबालिग बेटी के मुंह में रुई ठूंस हुई थी। उसकी भी हालत बिगड़ गई। बच्ची को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं महिला के शव का पोस्टमार्टम किया गया। मिली जानकारी के अनुसार कीर्ति कुशवाह(26) की शादी नानाखेड़ी में रहने वाले नीतीश से हुई थी। दंपत्ति को दस महीने की बेटी है। शादी के कुछ समय तक तो सब ठीक था, लेकिन कुछ समय पहले से पति पत्नी के बीच अक्सर विवाद होते थे। परिवार पर एक लाख रुपए बिजली बिल बकाया था, जिस कारण उनके घर की बिजली काट दी गई थी। इस बात को लेकर भी अक्सर विवाद होता था। जेठानी मंदिर गई थी
शुक्रवार सुबह कीर्ति ने अपनी जेठानी के साथ पूजा अर्चना की। इसके बाद वह अपनी बेटी को खाना खिला रही थी। बताया गया है कि कुछ देर बाद उसकी जेठानी मंदिर चली गई। इसी दौरान कीर्ति ने अपनी बच्ची के मुंह और नाक में रुई ठूंस दी। इसके बाद खुद ने घर में ही फंदा लगाकर उस पर झूल गई। जैसे ही उसकी जेठानी वापस लौटी, वह फंदे पर लटकी हुई मिली। वहीं बच्ची जमीन पर बेसुध पड़ी थी। पड़ोसियों ने आकर कीर्ति को फंदे से नीचे उतारा। साथ ही बच्ची को अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने कीर्ति की मृत घोषित कर दिया। वहीं उसकी बेटी का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। उसकी स्थिति गंभीर है। दोनों पक्ष हुए आमने सामने
कीर्ति के ससुराल वाले और मायके वाले दोनों अस्पताल में आने सामने हो गए। उसकी सास ने कहा कि घटना के समय वह मंडी में गई हुई थी। उस दौरान उसकी दोनों बहुएं आंगन में ही बैठी थीं। कीर्ति बच्ची को खाना खिला रही थी। बड़ी बहु मंदिर चली गई। इसी दौरान उसने फांसी लगा ली। वहीं उसकी मां का कहना है कि ससुराल वाले बच्ची को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। उसके साथ मारपीट की जा रही थी। इनकी वजह से ही उसकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। .