धार जिले के सरदारपुर थाना क्षेत्र में इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन पर एक सड़क हादसे में करीब 50 वर्षीय अज्ञात महिला की मौत हो गई। यह घटना ग्राम भेरुचोकी के उंडेली फाटा के पास सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात हुई। पुलिस ने मंगलवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया और महिला की शिनाख्त के प्रयास कर रही है। सरदारपुर थाना प्रभारी रोहित कछावा ने बताया कि पुलिस को रात में सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, भेरुचोकी के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई थी और उसका शव क्षत-विक्षत हालत में पड़ा था। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को सरदारपुर के सिविल अस्पताल ले गई। मंगलवार को महिला के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया। फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार, मृतका मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत होती है। पुलिस टीम महिला की पहचान सुनिश्चित करने में जुटी हुई है। .