Winter Health Tips: चाय छोड़िए, सर्दियों में घी वाली कॉफी पीने से पाए ग्लोइंग स्किन और आसानी से घटाए वजन

पाली. सर्दियों की शुरुआत होते ही हर कोई ऐसी चीज़ों का सेवन ज़्यादा पसंद करता है, जिनमें चाय से लेकर कॉफी तक शामिल होती हैं. लेकिन अक्सर मन में यह सवाल रहता है कि चाय और कॉफी दोनों में से ज़्यादा फायदेमंद क्या है? तो आपको बता दें कि अगर कॉफी में एक चम्मच देसी घी मिलाकर पिया जाए, तो यह आपके पूरे दिन को एनर्जी से भर सकता है, क्योंकि घी वाली कॉफी शरीर को अंदर से गर्म रखती है, त्वचा को नमी और चमक देती है.

पाचन को बेहतर बनाती है और वजन घटाने में भी मदद करती है. विज्ञान के अनुसार, घी में मौजूद गुड फैट्स और विटामिन शरीर के मेटाबॉलिज़्म और इम्युनिटी सिस्टम को मज़बूत करने में मदद करते हैं. यह खासकर उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जिनकी त्वचा सर्दियों में बहुत जल्दी रूखी हो जाती है.

जानें कॉफी में घी के फायदे

कॉफी में मौजूद कैफीन मेटाबॉलिज़्म को तेज करता है, जिससे भोजन को जल्दी पचाने में मदद मिलती है. जब इस कॉफी में घी का गुड फैट जुड़ जाता है, तो शरीर इसे लंबे समय तक ऊर्जा के स्रोत के रूप में इस्तेमाल करता है. इससे भूख कम लगती है और आप ओवरईटिंग से बचते हैं, इसके चलते पेट की जिद्दी चर्बी धीरे-धीरे कम होने लगती है, जो आपकी सेहत के लिए काफी फायदेमंद है.

त्वचा पर नेचुरल ग्लो लाने का करती है काम

घी सेहत के लिए बिना किसी शक के फायदेमंद होता है, साथ ही अगर बात करें घी वाली कॉफी की, तो यह त्वचा पर नेचुरल ग्लो लाने का काम भी करती है. सर्दियों की ठंडी और शुष्क हवा त्वचा की नमी छीन लेती है, जिससे चेहरे पर रूखापन और ड्राइनेस बढ़ जाती है. घी में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड और विटामिन ए त्वचा को अंदर से हाइड्रेट रखते हैं. रोज़ाना सुबह कॉफी में घी मिलाकर पीने से त्वचा अंदर से मॉइस्चराइज़ रहती है और चेहरे पर प्राकृतिक चमक बनी रहती है.

घी की तासीर होती है गर्म

वैज्ञानिक रूप से देखा जाए, तो घी शरीर के अंदरूनी तापमान को बनाए रखने में मदद करता है, जिससे ऊर्जा स्तर स्थिर रहता है. देसी घी की तासीर गर्म होती है. जब इसे ब्लैक कॉफी के साथ मिलाया जाता है, तो यह शरीर के तापमान को संतुलित रखने में मदद करता है. कड़ाके की ठंड में यह आपको बार-बार बीमार पड़ने से बचाता है और ठंड से होने वाली थकान को भी कम करता है.

घी करता है लुब्रिकेंट का काम

कई बार कॉफी पीने से कुछ लोगों को पेट में जलन या एसिडिटी की समस्या हो सकती है, ऐसे में घी इसमें प्राकृतिक रूप से एक ‘लुब्रिकेंट’ का काम करता है, जो भोजन को आसानी से पचाने में मदद करता है. इसके नियमित सेवन से कब्ज की समस्या भी दूर होती है और आंतों की कार्यप्रणाली बेहतर होती है. पाचन बेहतर होने से शरीर के अन्य अंगों पर भी सकारात्मक असर पड़ता है, जिससे हमारी सेहत दुरुस्त रहती है.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *