Raw Onion Health Benefits: काफी लोग कच्चा प्याज खाना पसंद करते हैं. खाने की कई चीजों में कच्चा प्याज आपको दिख जाएगा. फिर चाहे सलाद हो, कबाब, चिकन टिक्का, पनीर टिक्का का प्लेट हो या फिर चिकन रोल, बिरयानी जैसी कोई भी व्यंजन हो, कच्चा प्याज हर जगह मौजूद दिख जाएगा. कुछ लोगों को तो लंच-डिनर में कच्चा प्याज न मिले तो उन्हें खाना ही हजम नहीं होता.
कच्चा प्याज न सिर्फ आपके भोजन में स्वाद जोड़ता है, बल्कि यह वर्षों से चली आ रही एक परंपरा है. आपने देखा होगा कि खेतों में काम करने वाले किसान भी रोटी के साथ कच्चा प्याज खाते हैं. हर कोई प्याज अपने तरीके से खाना पसंद करता है. कोई सिरके वाला प्याज खाता है, कोई हरी चटनी में डुबाकर, कोई मोटे टुकड़ों में कटा तो कोई बेहद पतली स्लाइस में कटा प्याज खाता है.
प्याज के बिना किसी सब्जी में वो स्वाद नहीं आ पाता और ना ही ग्रेवी गाढ़ी बनती है. तो आखिर क्या वजह है कच्चा प्याज खाने की? क्या कच्चा प्याज खाने में फ्लेवर, टेक्सचर, टेस्ट ही सिर्फ ऐड करता है या फिर इसके कुछ फायदे भी होते हैं? चलिए जानते हैं यहां.
क्यों कच्चा प्याज भारतीय व्यंजनों में रखता है स्पेशल जगह?
– आप किसी भी पार्टी-फंक्शन में जाएं तो स्टार्टर्स के साथ भी हरी चटनी के साथ कटा हुआ प्याज जरूर मिलेगा. टीओआई में छपी एक खबर के अनुसार, प्याज की तासीर ठंडी होती है. इसमें कुछ कूलिंग प्रॉपर्टीज होती हैं. ऐसे में गर्मियों के मौसम में कच्चा प्याज खाना काफी जरूरी हो जाता है, क्योंकि ये आपको ठंडक देता है. ऐसा कहा जाता है कि यह शरीर के तापमान को रेगुलेट करता है. आपको हीट स्ट्रोक से बचाता है.
– यदि वजह है कि भीषण गर्मी के दिनों में खेतों में काम करने वाले किसान अपने खाने में डिब्बे में रोटी के साथ कटा हुआ प्याज जरूर रखते हैं. प्याज शरीर को हाइड्रेटेड भी रखता है. ऐसा इसलिए क्योंकि इसमें पानी की मात्रा भी काफी होती है.
– प्याज पाचन तंत्र के लिए भी काफी हेल्दी होता है. कच्चे प्याज में प्रीबायोटिक्स होते हैं, जो पेट और आंतों में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं. यदि आप कुछ मसालेदार या बहुत हेवी भोजन करते हैं और साथ में कच्चा प्याज भी खाते हैं तो इससे पेट इन चीजों को आसानी से पचा लेता है.
– यदि आप चाहते हैं कि आपका ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल में रहे तो आप कच्चा प्याज जरूर अपनी थाली में शामिल करें. इसमें कुछ ऐसे कम्पाउंड्स होते हैं, जो आपके शरीर को इंसुलिन के इस्तेमाल करने में मदद करता है.
– कच्चा प्याज आपके दिल के लिए भी हेल्दी है. इसमें कुछ नेचुरल एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं, जो आपके ब्लड को पतला बना रखते हैं और शरीर में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं.
– सेहत के लिए हेल्दी होने के साथ ही प्याज किसी भी भोजन के फ्लेवर, टेस्ट में इजाफा करता है. फिर चाहे आप इसे राजमा चावल के साथ खाएं, पराठे के साथ खाएं, नॉनवेज स्नैक्स, पनीर टिक्का आदि के साथ खाएं, हर चीज का स्वाद दोगुना कर देता है ये कच्चा प्याज.
– आप जब भी किसी रेस्तरां, ढाबा, होटल में खाने जाते हैं तो प्लेट पर सबसे पहले हरी चटनी के साथ कच्चा प्याज, सिरके वाला प्याज या फिर सलाद जरूर सर्व किया जाता है. फिर चाहे आप इसे मांगे या नहीं.