गर्मियों में सनस्क्रीन लगाना क्यों होता है जरूरी? डॉक्टर ने बताई वजह, धूप में निकलते वक्त न करें गलती

Last Updated:

Sunscreen Uses in Summer: गर्मियों में तेज धूप और हानिकारक यूवी किरणें स्किन को नुकसान पहुंचा सकती हैं. एक्सपर्ट्स इस दौरान सनस्क्रीन का नियमित इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं, ताकि सनबर्न, टैनिंग और झुर्रियों से बचाव हो सके. सनस्क्रीन लगाने से स्किन हेल्दी रहती है और कई समस्याओं से बचाव हो सकता है.

ख़बरें फटाफट

Zoom

सनस्क्रीन स्किन को सूरज की खतरनाक UV किरणों से बचाती है.

Sunscreen Benefits in Summer: फरवरी का महीना चल रहा है, लेकिन धूप काफी तेज हो गई है. कुछ सप्ताह पहले तक लोग धूप में बैठना पसंद कर रहे थे और अब धूप से बचते नजर आ रहे हैं. गर्मियों का मौसम आते ही तेज धूप और बढ़ता तापमान हमारी स्किन पर सीधा असर डालता है. डॉक्टर्स सभी लोगों को गर्मियों में सनस्क्रीन लगाने की सलाह देते हैं, ताकि स्किन हेल्दी बनी रहे. कई लोग सोचते हैं कि सनस्क्रीन केवल सुंदरता बढ़ाने के लिए लगाई जाती है, लेकिन यह स्किन के लिए बेहद जरूरी होती है. धूप में मौजूद हानिकारक किरणें त्वचा को अंदर तक नुकसान पहुंचा सकती हैं. अगर समय रहते सावधानी न बरती जाए तो सनबर्न, टैनिंग, झाइयां, समय से पहले झुर्रियां और स्किन कैंसर का खतरा बढ़ सकता है.

यूपी के कानपुर स्थित जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. युगल राजपूत ने News18 को बताया कि सूरज से निकलने वाली अल्ट्रावॉयलेट किरणें (UV Rays) स्किन को नुकसान पहुंचाती हैं. UV किरणें स्किन की ऊपरी परत को नुकसान पहुंचाकर सनबर्न का कारण बनती हैं और अंदर तक पहुंचकर समय से पहले एजिंग लाती हैं. लंबे समय तक बिना सुरक्षा के धूप में रहने से स्किन सेल्स को परमानेंट नुकसान हो सकता है. यह नुकसान धीरे-धीरे होता है और बाद में गंभीर स्किन डिजीज पैदा कर सकता है. सनस्क्रीन का नियमित उपयोग स्किन को इन हानिकारक किरणों से बचाने में मदद करता है. सनस्क्रीन में मौजूद तत्व UV किरणों को स्किन में प्रवेश करने से रोकते हैं, जिससे स्किन को नुकसान नहीं होता है.

डॉक्टर ने बताया कि सनस्क्रीन के ऊपर सन प्रोटेक्शन फैक्टर (SPF) लिखा होता है, जो यह बताता है कि सनस्क्रीन कितनी देर तक स्किन को धूप से बचा सकती है. आमतौर पर गर्मियों में SPF 30 या उससे ज्यादा का सनस्क्रीन इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है. बाहर निकलने से कम से कम 15-20 मिनट पहले इसे लगाना चाहिए और हर 2-3 घंटे में दोबारा लगाना जरूरी है. कई लोग यह गलतफहमी रखते हैं कि सनस्क्रीन केवल धूप में ही लगाना चाहिए, लेकिन सच यह है कि घर के अंदर या बादलों वाले दिन में भी UV किरणें त्वचा तक पहुंच सकती हैं. खासतौर पर दोपहर 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच धूप सबसे तेज होती है, इसलिए इस समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए. बच्चों, बुजुर्गों और सेंसिटिव स्किन वाले लोग सनस्क्रीन जरूर लगाएं.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

स्किन स्पेशलिस्ट ने बताया कि सनस्क्रीन कोई लग्जरी प्रोडक्ट नहीं, बल्कि त्वचा की सुरक्षा का जरूरी हिस्सा है. नियमित और सही तरीके से इसका उपयोग करने से न केवल त्वचा स्वस्थ रहती है, बल्कि भविष्य में होने वाले गंभीर त्वचा रोगों से भी बचाव संभव है. स्किन को हेल्दी रखने के लिए केवल सनस्क्रीन लगाना ही पर्याप्त नहीं है. धूप से बचाव के लिए टोपी, छाता, धूप का चश्मा और पूरी बांह के कपड़े पहनना भी जरूरी है. पानी की पर्याप्त मात्रा पीना और त्वचा को हाइड्रेट रखना भी त्वचा की सेहत के लिए फायदेमंद होता है. बैलेंस्ड डाइट स्किन को अंदर से मजबूत बनाने में मदद करती है.

About the Author

अमित उपाध्याय

अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *