Last Updated:
सर्दियों का मौसम सेहत सुधारने का बेहतरीन समय माना जाता है. इस मौसम में मिलने वाली हरी और जड़ वाली सब्जियां शरीर को न सिर्फ गर्म रखती हैं बल्कि रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाती हैं. खासतौर पर चुकंदर और गाजर का जूस सर्दियों में एक प्राकृतिक टॉनिक की तरह काम करता है. ये दोनों ही सब्जियां विटामिन, मिनरल्स और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर होती हैं, जो त्वचा को ग्लोइंग बनाती हैं, खून बढ़ाती हैं और शरीर को अंदर से डिटॉक्स करती हैं.
सर्दियां शुरू होते ही शरीर में कई तरह के बदलाव आने लगते हैं. ऐसे में सही खान-पान का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो जाता है. अगर व्यक्ति अपनी सेहत में सुधार लाना चाहता है, तो सर्दियों के मौसम में मिलने वाली हरी सब्जियों को आहार में शामिल करना चाहिए. इस मौसम में कई तरह की हरी सब्जियां आसानी से मिलती हैं, जो शरीर को ताकत देने के साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ाती हैं. प्रतिदिन सुबह चुकंदर और गाजर का जूस पीना स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है. चुकंदर और गाजर में विटामिन C की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो शरीर को पोषण देने के साथ-साथ इम्यून सिस्टम को भी मजबूत बनाती है.

चुकंदर का जूस सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है क्योंकि इसमें पोषक तत्वों की मात्रा अधिक होती है. चुकंदर के जूस में भरपूर मात्रा में आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन जैसे तत्व पाए जाते हैं. सर्दी के मौसम में इसका सेवन चेहरे की ड्राइनेस जैसी समस्या को कम करने में मदद करता है. चुकंदर का जूस त्वचा को नेचुरली हाइड्रेट और मॉयश्चराइज करता है, जिससे स्किन सॉफ्ट और ग्लोइंग बनती है.

डॉ. अंकुर के अनुसार, चुकंदर का जूस न केवल खून बढ़ाने में मदद करता है बल्कि चेहरे से जुड़ी कई समस्याओं को भी दूर करता है. यह मुंहासे, दाग-धब्बे, ड्राइनेस और चेहरे पर दाने निकलने जैसी समस्याओं को ठीक करने में प्रभावी माना जाता है.

गाजर का जूस पीने से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है. गाजर आंखों की रोशनी के लिए बेहद फायदेमंद सब्जी मानी जाती है. इसे लोग कई तरीकों से अपने आहार में शामिल करते हैं, जैसे सलाद या सब्जी के रूप में. लेकिन, अगर सर्दियों के मौसम में सुबह गाजर का जूस पिया जाए, तो यह आंखों की रोशनी बढ़ाने के साथ शरीर को अंदर से मजबूत बनाता है.

गाजर त्वचा और पाचन दोनों के लिए बेहद फायदेमंद होता है क्योंकि इसमें विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. नियमित रूप से गाजर का सेवन शरीर को हेल्दी रखने के साथ-साथ कई बीमारियों से बचाव करने में भी मदद करता है.