Last Updated:
Cold Weather and High BP: सर्दियों में तापमान गिरने के साथ ही ब्लड प्रेशर बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है. डॉक्टर्स के अनुसार ठंड के मौसम में हमारी ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती हैं, जिससे खून की सप्लाई के लिए ज्यादा प्रेशर की जरूरत होती है. इससे हार्ट पर दबाव बढ़ जाता है. सर्दियों का मौसम हाई बीपी और हार्ट के मरीजों के लिए जोखिम भरा हो सकता है. नियमित ब्लड प्रेशर मॉनिटरिंग, संतुलित आहार, एक्सरसाइज और शरीर को गर्म रखकर सर्दियों में हेल्दी रहा जा सकता है.
High Blood Pressure in Winter Season: सर्दियों के मौसम में तापमान में गिरावट आती है, जिसका सीधा असर हमारी सेहत पर देखने को मिलता है. ठंड बढ़ने से कई तरह की परेशानियां बढ़ जाती हैं और स्वास्थ्य को ठीक रखने के लिए एहतियात बरतने की जरूरत होती है. ठंड के मौसम में ब्लड प्रेशर बढ़ने की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है. कई लोग मानते हैं कि सर्दियों में बीपी बढ़ जाता है, जबकि कुछ लोग इसे सिर्फ गलतफहमी मानते हैं. कई लोगों को यह समझ नहीं आता कि ठंड का ब्लड प्रेशर से क्या संबंध है. अब सवाल है कि क्या वाकई ठंड का असर ब्लड प्रेशर पर पड़ता है. अगर हां, तो इससे किस तरह बचा जाए.
नई दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो हॉस्पिटल की सीनियर कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. वनीता अरोरा ने News18 को बताया कि ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखने के लिए हमारी ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती हैं. इसकी वजह से खून को पंप करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और प्रेशर बढ़ जाता है. यही कारण है कि सर्दियों में सिस्टोलिक और डायस्टोलिक दोनों ब्लड प्रेशर लेवल बढ़ सकते हैं. यह असर हेल्दी लोगों पर बहुत ज्यादा नहीं होता है, लेकिन बीपी और हार्ट के मरीजों पर इसका ज्यादा असर देखने को मिलता है. ऐसे लोगों को सर्दियों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, ताकि उनकी तबीयत न बिगड़े.
कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया कि 60 साल से ज्यादा उम्र के लोग ठंड के मौसम में ब्लड प्रेशर की समस्या से ज्यादा प्रभावित होते हैं. दरअसल उम्र के साथ ब्लड वेसल्स की इलास्टिसिटी (Elasticity) कम हो जाती है, जिससे वे ठंड के असर को झेल नहीं पाती हैं. इसके अलावा सर्दियों में लोगों की फिजिकल एक्टिविटी बहुत कम हो जाती है, जिसका असर भी ब्लड प्रेशर पर पड़ता है. ज्यादा नमक और फैट वाले फूड्स भी ब्लड प्रेशर को और बढ़ा सकते हैं. सर्दियों का मौसम मेंटल हेल्थ के लिए काफी चैलेंजिंग होता है और बढ़ता तनाव बीपी की समस्या को बढ़ा सकता है. इसलिए इस मौसम में तनाव कंट्रोल करना भी बहुत जरूरी है.
अब सवाल है कि सर्दियों में ब्लड प्रेशर कंट्रोल कैसे रखें? इस पर डॉक्टर वनीता ने कहा कि सर्दियों में हार्ट और बीपी के मरीज नियमित रूप से ब्लड प्रेशर मॉनिटर करते रहें. सुबह और शाम को सर्दी ज्यादा होती है, उस वक्त घर से बाहर न निकलें. शरीर को गर्म रखने के लिए पर्याप्त ऊनी कपड़े पहनें. हल्की एक्सरसाइज, बैलेंस्ड डाइट और पर्याप्त नींद से ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखा जा सकता है. इसके अलावा ज्यादा चाय-कॉफी और नमकीन स्नैक्स को भी अवॉइड करना जरूरी है. गुनगुना पानी पीना, धूप लेना और तनाव कम करने वाली गतिविधियां भी बीपी को कंट्रोल करने में मददगार हो सकती हैं.
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्…और पढ़ें
अमित उपाध्याय News18 Hindi की लाइफस्टाइल टीम के अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 9 वर्षों से अधिक का अनुभव है। वे हेल्थ, वेलनेस और लाइफस्टाइल से जुड़ी रिसर्च-बेस्ड और डॉक्टर्स के इंटरव्… और पढ़ें