ब्रॉकली क्यों हो जाती है जल्दी खराब? जानिए सही रखने का तरीका, देसी उपाय जो बढ़ा देंगे इसकी उम्र

Last Updated:

Broccoli Tips And Tricks: ब्रॉकली एक पौष्टिक सब्जी है, लेकिन गलत तरीके से रखने पर यह जल्दी खराब हो जाती है. नमी, हवा का सही प्रवाह न होना और फ्रिज में खुले में रखना इसके जल्दी खराब होने के मुख्य कारण हैं. ब्रॉकली को फ्रिज में रखने से पहले हल्का सूखा कपड़ा या पेपर में लपेटकर रखना बेहतर होता है. देसी उपाय के तौर पर इसे धोने के बजाय इस्तेमाल से पहले साफ करें. सही स्टोरेज अपनाने से ब्रॉकली कई दिनों तक हरी और ताज़ा बनी रह सकती है.

भीलवाड़ा: इन दिनों हर व्यक्ति अपने हेल्थ का ध्यान रखने के लिए ब्रोकली को अपनी पहली पसंद मानते हैं. इसी वजह से ब्रॉकली जैसी हरी सब्ज़ियों की मांग तेजी से बढ़ी है. ब्रॉकली को पोषक तत्वों का खजाना माना जाता है लेकिन जानकारी के अभाव में कई बार यह सब्ज़ी जल्दी खराब हो जाती है और लोगों को नुकसान उठाना पड़ता है. खासकर गर्म मौसम में ब्रॉकली को सही तरीके से नहीं रखा जाए तो यह एक से दो दिन में मुरझाने लगती है और उसका रंग भी बदलने लगता है. बाजार से ताज़ी दिखने वाली ब्रॉकली घर लाने के बाद अगर खुले में रख दी जाए तो उसमें नमी कम होने लगती है, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित होती है और स्वाद भी बिगड़ जाता है.

ब्रॉकली को लंबे समय तक ताज़ा रखने के लिए उसे कमरे के तापमान पर रखने से बचना चाहिए. सामान्य तापमान पर रखी ब्रॉकली अधिकतम एक से दो दिन ही सही रहती है, इसके बाद उसके फूल पीले पड़ने लगते हैं और डंठल सख्त या चिपचिपा हो सकता है. यही कारण है कि सब्ज़ी विक्रेता भी इसे ठंडी जगह पर रखते हैं. यदि ब्रॉकली को फ्रिज में सही तरीके से स्टोर किया जाए, जैसे कि पेपर या सूखे कपड़े में लपेटकर सब्ज़ी वाले हिस्से में रखा जाए, तो यह पांच से सात दिनों तक सुरक्षित रह सकती है. इससे न सिर्फ सब्ज़ी की ताज़गी बनी रहती है बल्कि पोषण भी कम नहीं होता.

कई लोग ब्रॉकली को काटकर या धोकर पहले ही फ्रिज में रख देते हैं, जो कि एक बड़ी गलती मानी जाती है. कटने के बाद ब्रॉकली की उम्र और भी कम हो जाती है और यह दो से तीन दिनों में खराब होने लगती है. पानी लगे रहने से उसमें बैक्टीरिया पनपने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे बदबू आने लगती है।  ब्रॉकली को इस्तेमाल से ठीक पहले ही काटें और धोएं. अगर ज्यादा मात्रा में ब्रॉकली हो और तुरंत उपयोग संभव न हो, तो उसे हल्का उबालकर यानी ब्लांच करके फ्रीज़र में रखा जा सकता है, जिससे वह कई महीनों तक सुरक्षित रह सकती है.

Add News18 as
Preferred Source on Google

फ्रीज़र में सही तरीके से रखी गई ब्रॉकली आठ से बारह महीने तक खराब नहीं होती. इसके लिए पहले ब्रॉकली को छोटे टुकड़ों में काटकर दो से तीन मिनट तक गर्म पानी में डालें और फिर तुरंत ठंडे पानी में निकाल लें. इसके बाद अच्छी तरह सुखाकर एयरटाइट बैग में भरकर फ्रीज़र में रखें. इस तरीके से ब्रॉकली का रंग, स्वाद और पोषक तत्व लंबे समय तक बने रहते हैं. खास बात यह है कि जरूरत पड़ने पर इसे सीधे सब्ज़ी या सूप में इस्तेमाल किया जा सकता है. इस विधि से न केवल सब्ज़ी की बर्बादी रुकती है, बल्कि घरेलू बजट पर भी सकारात्मक असर पड़ता है.

खराब ब्रॉकली की पहचान करना भी बेहद जरूरी है, ताकि स्वास्थ्य पर कोई बुरा असर न पड़े. अगर ब्रॉकली पीली या भूरे रंग की होने लगे, उसमें तेज़ बदबू आए या डंठल बहुत ज्यादा नरम और चिपचिपा महसूस हो, तो उसे खाने से बचना चाहिए. खराब सब्ज़ी खाने से पेट संबंधी समस्याएं हो सकती हैं. इसलिए उपभोक्ताओं को चाहिए कि वे ब्रॉकली खरीदते समय ताज़गी पर ध्यान दें और घर में सही स्टोरेज अपनाएं. थोड़ी सी सावधानी और सही जानकारी से ब्रॉकली को लंबे समय तक ताज़ा रखा जा सकता है और सेहत के साथ-साथ पैसे की भी बचत की जा सकती है.

homelifestyle

फ्रिज में रखते ही खराब हो जाती है ब्रॉकली? इन आसान टिप्स से रहेगी फ्रेश, जानें

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *