करी पत्ता क्यों नहीं बढ़ता? जानिए 1 चम्मच एप्सम सॉल्ट वाला फॉर्मूला जो पौधे को झाड़ जैसा घना और हरा-भरा बना देंगे

Curry Leaf Pant Care: करी पत्ता हमारे खाने का स्वाद बदल देता है. चाहे दाल में तड़का लगाना हो, सांभर बनाना हो या फिर चटनी तैयार करनी हो, करी पत्ते की खुशबू स्वाद को एकदम लेवल अप कर देती है, लेकिन सबसे बड़ी दिक्कत तब शुरू होती है जब घर में लगाए करी पत्ते का पौधा ठीक से बढ़ता ही नहीं. बहुत लोग शिकायत करते हैं कि उनका पौधा पतला, कमजोर और सुस्त दिखने लगता है. ऊपर से पत्तियां पीली पड़कर झड़ने लगती हैं, जो सबसे परेशान करने वाली बात है. कई बार तो लोग सोच लेते हैं कि पौधा अब बच ही नहीं पाएगा और उसे बदल देते हैं. असल में करी पत्ता एक ऐसा पौधा है जिसे सही देखभाल, सही मिट्टी और थोड़ा प्यार चाहिए, अगर ये तीन चीजें बैलेंस में हों, तो पौधा इतना घना और हरा हो जाता है कि दिन में कई बार पत्तियां तोड़कर इस्तेमाल करने पर भी फर्क नजर नहीं आता. गार्डनिंग एक्सपर्ट आकाश जयसवाल के मुताबिक, ज्यादातर लोग पौधे को सिर्फ पानी दे देते हैं और सोचते हैं कि बस इससे ही काम हो जाएगा. जबकि पौधे को पोषक तत्व चाहिए होते हैं, सही गमला चाहिए होता है और सबसे खास – एक जादुई सफेद पाउडर जिसकी वजह से पौधा तेजी से हरा-भरा हो जाता है. यह सफेद पाउडर कोई महंगा केमिकल नहीं है, बल्कि एप्सम सॉल्ट है, जिसे मैग्नीशियम सल्फेट भी कहा जाता है. यह पौधे की जड़ों को मजबूत बनाता है, पत्तियों का रंग गहरा हरा करता है और ग्रोथ को तेज करता है. खासकर सर्दियों में जब पौधे की ग्रोथ रुक जाती है, तब यह एकदम असर दिखाता है, अगर आप भी चाहते हैं कि आपका करी पत्ता का पौधा झाड़ जैसा घना हो जाए, उसकी पत्तियां चमकदार और खुशबूदार बनें, तो यह तरीका जरूर अपनाएं.

सही साइज का गमला और मिट्टी
करी पत्ता को अच्छी जगह चाहिए होती है, अगर आप उसे छोटे गमले में रखेंगे, तो जड़ें फैल नहीं पाएंगी और पौधा कमजोर रहेगा. कम से कम 12 इंच का गमला सबसे बेहतर रहता है, अगर आपका पौधा बढ़ते-बढ़ते रुक गया है, तो मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें. इससे मिट्टी में हवा और रोशनी पहुंचती है और पौधा पोषक तत्व अच्छे से खींच पाता है. गुड़ाई हमेशा खाद डालने से पहले करें, जिससे असर ज्यादा मिलता है.

जैविक खाद का सही इस्तेमाल
करी पत्ता जैविक खाद पर बहुत अच्छा रिस्पॉन्ड करता है. मिट्टी की गुड़ाई के बाद उसमें गोबर की खाद या वर्मीकंपोस्ट मिलाएं. इसे गमले में चारों तरफ फैलाएं, एक जगह ढेर न करें. महीने में एक बार इतना करना काफी है. इससे पौधे की सामान्य ग्रोथ बेहतर बनी रहती है, पत्तियां मोटी और चमकदार दिखने लगती हैं.

‘सफेद पाउडर’ का जादू-एप्सम सॉल्ट
अगर आपके पौधे की पत्तियां अभी भी पीली हो रही हैं और नई ग्रोथ नहीं आ रही, तो अब एप्सम सॉल्ट का नंबर आता है. यह पौधे के लिए संजीवनी जैसा काम करता है. मैग्नीशियम की कमी पौधों में सबसे आम कारण होती है जिससे पत्तियां पीली पड़ती हैं. 10 से 12 इंच के गमले में सिर्फ 1 चम्मच एप्सम सॉल्ट डालें. इसे मिट्टी में जड़ों से थोड़ा दूर डालें और तुरंत पानी दें, ताकि यह घुलकर नीचे तक पहुंच जाए. ध्यान रहे-ज्यादा डालने की गलती न करें, वरना नुकसान हो सकता है.

घना बनाने का रहस्य-कटाई-छंटाई
अगर आप चाहें कि पौधा सिर्फ लंबा न हो बल्कि झाड़ी जैसा घना बने, तो कटाई-छंटाई करना जरूरी है. पौधे को ऊपर से थोड़ा काटें, इससे नीचे की तरफ नई शाखाएं निकलनी शुरू हो जाती हैं. नई ब्रांचें मिलकर पौधे को घना बनाती हैं, लेकिन अगर पौधा अभी नर्सरी से लाए हैं, तो तुरंत कटाई न करें. पहले उसे थोड़ा सेट होने दें.

पानी और धूप का बैलेंस
करी पत्ता को धूप बहुत पसंद है. इसे ऐसी जगह रखें जहां अच्छी रोशनी मिले. मिट्टी को पूरी तरह सूखने न दें, लेकिन ज्यादा पानी भी नुकसान करता है. सर्दियों में पानी कम दें, गर्मियों में जरूरत बढ़ जाती है.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *