भारत ने टी20 वर्ल्डकप 2026 का खिताब जीतकर क्रिकेट इतिहास में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की. जीत के बाद मैदान पर खिलाड़ियों और उनके परिवार के बीच जश्न का माहौल देखने को मिला.
इसी दौरान भारतीय बल्लेबाज ईशान किशन की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. इस तस्वीर में वह एक लड़की के साथ बेहद करीब नजर आए, जिसके बाद फैंस के बीच यह चर्चा शुरू हो गई कि आखिर यह “मिस्ट्री गर्ल” कौन है.
कौन हैं अदिति हुंडिया?
दरअसल, यह मिस्ट्री गर्ल कोई और नहीं बल्कि ईशान किशन की कथित गर्लफ्रेंड अदिति हुंडिया हैं. अदिति राजस्थान के जयपुर की रहने वाली एक फैशन मॉडल और उद्यमी हैं. वह 2017 में फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता की फाइनलिस्ट रह चुकी हैं. इसके बाद 2018 में उन्होंने मिस दिवा सुप्रानेशनल का खिताब जीतकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं.
अदिति हुंडिया मॉडलिंग के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं और कई बड़े ब्रांड्स के साथ काम कर चुकी हैं. फैशन और लाइफस्टाइल इंडस्ट्री में उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है.
लंबे समय से जुड़ता रहा है नाम
ईशान किशन और अदिति हुंडिया के रिश्ते की चर्चा पिछले कई सालों से होती रही है. कई बार उन्हें स्टेडियम में ईशान को सपोर्ट करते हुए भी देखा गया है. खासतौर पर IPL के दौरान कैमरे कई बार उनकी ओर जाते रहे हैं, जिसके बाद सोशल मीडिया पर फैंस ने उन्हें “मिस्ट्री फैन गर्ल” तक कहना शुरू कर दिया था.
फाइनल में ईशान की शानदार पारी
अगर मैच की बात करें तो फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. टीम के लिए ईशान किशन ने विस्फोटक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 25 गेंदो में 54 रन बनाए. उनके अलावा संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा ने भी शानदार अर्धशतक लगाए थे.
इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर सिमट गई और भारत ने 96 रनों से मुकाबला जीत लिया था. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली है.
.