Last Updated:
Home Gardening Tips: अगर आप गार्डनिंग करने के शौकीन हैं तो दिसंबर माह बिल्कुल सही समय है. इस महीने में गार्डनिंग शुरू कर सकते हैं. हालांकि, इन दिनों सर्दी रहती है इसलिए कुछ बातों का ध्यान रखना भी जरूरी है, तो आइए जान लेते हैं कि दिसंबर में गार्डनिंग शुरू करने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए.
इन दिनों होम गार्डनिंग चलन में है. अगर आप भी शौकीन हैं और दिसंबर में गार्डनिंग करना चाहते हैं तो गार्डनिंग शुरू करने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए. आइए जानते हैं…

छतरपुर नौगांव कृषि विज्ञान केंद्र में पदस्थ डॉ. कमलेश अहिरवार बताते हैं कि सबसे पहले ये ध्यान देना है कि चाहे खेती हो या होम गार्डनिंग, हमेशा मौसम और जलवायु के अनुकूल ही पौधा लगाना है. अगर आप दिसंबर में होम गार्डनिंग करने जा रहे हैं तो खास सब्जी, फूल और मसालों के पौधे ही लगाएं.

अगर आप सब्जी के पौधे लगा रहे हैं तो टमाटर, गाजर, मूली, पालक और शिमला मिर्च के पौधे लगा सकते हैं. वहीं, फूलों के लिए सदाबहार, गुलाब की कलम, जैसमीन, रानुनकुलस और जरबेरा के फूल लगा सकते हैं. धनिया, जीरा, लहसुन और अदरक जैसे मसाले भी उगा सकते हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

सर्दी में सही मिट्टी का चुनाव करना बहुत जरूरी होता है. तभी पौधों की अच्छी ग्रोथ होती है. इन दिनों अगर आप पौधे लगा रहे हैं तो गमले का साइज पौधों के अनुसार ही रखें.

पौधों को लगाने के लिए कम से कम एक फीट गहराई वाले गमले लें. उससे पहले उन पौधों को कप या डिस्पोजल वाली गिलास में लगाएं, पौधे मैच्योर होने के बाद बड़े गमले में ट्रांसफर कर सकते हैं.

गमले में भरी जाने वाली मिट्टी के बारे में जानना बहुत जरूरी है. इन दिनों तापमान कम और नम रहने के कारण मिट्टी में फंगस का खतरा रहता है. इसलिए गमले में मिट्टी भरने से पहले उसे धूप में तब तक सुखाएं जब तक उसकी नमी ना सूख जाए.

किसी भी पौधे की अच्छी ग्रोथ तभी होगी, जब उसे नियमित सिंचाई, हवा और प्रकाश मिलेगा. सर्दी के दिनों में पौधा उगाने वाले गमले में कभी भी अंधाधुंध पानी ना डालें. इससे पौधों की जड़ सड़ने का खतरा रहता है. मिट्टी में अधिक नमी होने से उसमें फफूंद और अन्य कीटों का खतरा बढ़ सकता है. इसलिए हमेशा मिट्टी की नमी कम होने पर ही पौधों को सींचें और हल्की सिंचाई करें.

पौधों में रोजाना कम से कम 6 घंटे की हल्की धूप लगनी जरूरी होती है. सब्जी और फूलों के पौधे में हर महीने एक से दो चम्मच ऑर्गेनिक खाद डालना चाहिए. अगर आप इन बातों का ध्यान रखेंगे तो पौधों की अच्छी ग्रोथ होगी.
.