खाने के तुरंत बाद नहाना चाहिए या नहीं? शरीर पर कैसा होता है असर, जानें इस बारे में क्या कहता है आयुर्वेद

Bath After Eating Good or Bad: अक्सर लोग नहाने के बाद खाना खाते हैं, लेकिन कई बार बिजी शेड्यूल के चक्कर में लोगों का रूटीन बिगड़ जाता है. कुछ लोग खाना पहले खा लेते हैं और उसके बाद नहाने जाते हैं. बरसात के मौसम में उमस ज्यादा होती है, जिसकी वजह से लोग खाना खाने के तुरंत बाद भी नहाना पसंद करते हैं. हालांकि आयुर्वेद में खाने के तुरंत बाद नहाने की मनाही है. इतना ही नहीं, विज्ञान भी खाने के तुरंत बाद नहाने को ठीक नहीं मानता है. अब सवाल है कि खाने के तुरंत बाद नहाने से शरीर पर क्या असर पड़ता है? चलिए इस बारे में हकीकत जानने की कोशिश करते हैं.

आयुर्वेद के अनुसार हमारे शरीर में एक जठराग्नि होती है, जिसे पाचन अग्नि कहा जाता है. यह अग्नि खाने को पचाने में मदद करती है. जब हम खाना खाते हैं, तो शरीर का ब्लड फ्लो आंतों और पेट की ओर बढ़ता है, ताकि खाना अच्छी तरह पच सके. हालांकि अगर आप खाने के तुरंत बाद नहा लेते हैं, तो यह ब्लड फ्लो स्किन की तरफ बढ़ जाता है. इससे जठराग्नि कमजोर पड़ जाती है और खाना सही तरीके से नहीं पच पाता है. इससे गैस, अपच और पेट की अन्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं.

आयुर्वेद एक्सपर्ट्स की मानें तो खाने के तुरंत बाद ठंडे पानी से नहाना ज्यादा नुकसानदायक होता है. ऐसा करने से शरीर का बाहरी तापमान तेजी से गिरता है. इससे शरीर की ऊर्जा का एक बड़ा हिस्सा तापमान को संतुलित करने में लग जाता है, जिससे पाचन क्रिया प्रभावित होती है. आयुर्वेद में कहा गया है कि शरीर का तापमान भोजन के बाद थोड़ा बढ़ जाता है ताकि पाचन अच्छे से हो सके. नहाने से यह प्राकृतिक प्रक्रिया रुक जाती है और भोजन को पचाने में ज्यादा समय लगता है.

खाने के तुरंत बाद नहाने से शरीर में भारीपन, गैस बनना, पेट फूलना और एसिडिटी जैसी समस्याएं सामने आती हैं. जब पाचन अधूरा रह जाता है, तब खाना आंतों में सड़ने लगता है और टॉक्सिन्स बनते हैं. इसे आयुर्वेद में आम कहा गया है. यही आम शरीर में कई रोगों की जड़ बनता है. खाने के बाद शरीर को आराम की जरूरत होती है, ताकि वह खाने को पचाने की प्रक्रिया में पूरी तरह जुट सके, लेकिन नहाने से शरीर की एनर्जी दो हिस्सों में बंट जाती है. एक तरफ शरीर पाचन के लिए एनर्जी लगाता है, तो दूसरी तरफ टेंपरेचर को बैलेंस करता है. इससे शरीर थकान महसूस करता है, नींद आने लगती है या काम करने की इच्छा नहीं रहती है. यह डाइजेस्टिव ड्रेन शरीर की कार्यक्षमता को कम कर सकता है.

अब सवाल है कि खाने के बाद कब नहा सकते हैं? आयुर्वेदाचार्यों के अनुसार खाने के बाद कम से कम 30 से 45 मिनट के बाद ही नहाना चाहिए. इस दौरान हल्की वॉक, मेडिटेशन या आराम करना फायदेमंद होता है. इससे न सिर्फ पाचन बेहतर होता है, बल्कि स्नान का फायदा भी अधिक मिलता है. अगर आप सुबह नाश्ते के बाद नहाते हैं, तो नाश्ता हल्का होना चाहिए और स्नान में गर्म पानी का इस्तेमाल करना ज्यादा सुरक्षित माना जाता है. भोजन के तुरंत बाद स्नान करना शरीर की प्राकृतिक प्रक्रियाओं में बाधा डालता है. लोगों को ऐसा करने से बचना चाहिए.

(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य जानकारियों पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *