Startup Success Story: मध्य प्रदेश का सागर शहर स्मार्ट सिटी बन रहा है, लेकिन असली स्मार्टनेस सिर्फ सड़कों और इमारतों से नहीं आती. इसी सोच के साथ सागर के राहुल कांत दुबे ने एक ऐसा काम किया, जिसने शहर की रोजमर्रा की दिक्कतों का आसान हल निकाल दिया. उन्होंने नौकरी छोड़कर “मेरा घर संसार” नाम का स्टार्टअप शुरू किया, जो लोगों को घर बैठे सर्विसमैन उपलब्ध कराता है.
एक परेशानी से मिला बड़ा आइडिया
राहुल बताते हैं कि उन्हें एक बार घर में प्लंबर की जरूरत पड़ी, लेकिन कई दिन तक कोई सही प्लंबर नहीं मिला. इस चक्कर में उनका समय भी बर्बाद हुआ, ईंधन भी खर्च हुआ और काम भी नहीं हो पाया. बस यहीं से उन्हें लगा कि अगर शहर स्मार्ट है, तो ऐसी सेवाएं भी डिजिटल होनी चाहिए.
एक क्लिक में मिलेगी हर सर्विस
इसके बाद उन्होंने “मेरा घर संसार” नाम से ऐप और वेबसाइट तैयार करवाई.
इस प्लेटफॉर्म पर 235 से ज्यादा कैटेगरी में सर्विस उपलब्ध है जैसे प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर, एसी टेक्नीशियन, मेड, पंडितजी, टेलर, पेंटर और कई अन्य. यूजर सिर्फ ऐप खोलकर अपनी जरूरत के हिसाब से सर्विसमैन चुन सकता है और सीधे उससे संपर्क कर सकता है.
रोजगार भी, सुविधा भी
इस स्टार्टअप की खास बात यह है कि इससे सिर्फ ग्राहकों को ही नहीं, बल्कि काम करने वालों को भी फायदा मिल रहा है. राहुल के ऑफिस में 8-10 लोग काम कर रहे हैं, वहीं शहर के सैकड़ों सर्विसमैन इस ऐप से जुड़े हुए हैं. अब जिनके पास काम नहीं था, उन्हें भी आसानी से ग्राहक मिलने लगे हैं.
बेहद सस्ती रजिस्ट्रेशन फीस
अगर कोई हुनरमंद व्यक्ति इस प्लेटफॉर्म से जुड़ना चाहता है, तो वह बहुत कम फीस में रजिस्ट्रेशन कर सकता है. रजिस्ट्रेशन फीस सिर्फ 8 रुपये से शुरू होकर 100 रुपये महीने तक है, जो कैटेगरी के हिसाब से तय होती है.
बदल रही है काम करने की सोच
राहुल का यह स्टार्टअप दिखाता है कि अगर सही सोच और जरूरत को समझा जाए, तो छोटी समस्या से भी बड़ा बिजनेस खड़ा किया जा सकता है. आज “मेरा घर संसार” सागर शहर के लिए एक स्मार्ट सुविधा बन चुका है, जो समय, पैसा और मेहनत तीनों की बचत कर रहा है.
.