नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की सीनियर डाइटिशियन कामिनी सिन्हा ने News18 को बताया कि इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए सबसे जरूरी है कि हम अपनी डाइट में विटामिन C, विटामिन D, जिंक और प्रोटीन से भरपूर फूड्स को शामिल करें. विटामिन C एक शक्तिशाली एंटीऑक्सिडेंट होता है, जो शरीर में सूजन को कम करता है और इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है. विटामिन D भी इम्यून सिस्टम के लिए बेहद जरूरी है. जिंक भी इम्यूनिटी को बूस्ट करता है. यह नए सेल्स बनाने में मदद करता है और संक्रमण से लड़ने की क्षमता बढ़ाता है. इसके अलावा प्रोटीन हमारे शरीर की मांसपेशियों, एंटीबॉडीज और सेल्स के निर्माण के लिए जरूरी होता है. प्रोटीन की कमी से भी इम्यूनिटी कमजोर हो सकती है.
एक्सपर्ट की मानें तो दाल, मूंगफली, चिकन, मछली, अंडा और दूध में भरपूर प्रोटीन होता है. इन फूड्स का सेवन करने से शरीर को पर्याप्त प्रोटीन मिलता है. इसके अलावा इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए फाइबर भी जरूरी होता है, जो हमारी पाचन क्रिया को सही रखता है और अच्छे बैक्टीरिया को बढ़ावा देता है. इससे शरीर की सुरक्षा प्रणाली मजबूत होती है. फाइबर के लिए आप हरी सब्जियां, फल, ओट्स और ब्राउन राइस खा सकते हैं. प्रोबायोटिक्स जैसे दही और छाछ भी पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं.
डाइटिशियन की मानें तो रोज 2-3 लीटर पानी पीना और हाइड्रेटेड रहना भी इम्यून सिस्टम के लिए जरूरी है. पानी हमारे शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है और कोशिकाओं को ठीक तरह से काम करने में मदद करता है. हर्बल टी, नींबू पानी जैसी चीजें भी इम्यूनिटी के लिए लाभकारी होती हैं. इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए सिर्फ खानपान ही नहीं, बल्कि अच्छी नींद लेना, तनाव कम करना, नियमित व्यायाम करना और स्मोकिंग व शराब से बचना भी जरूरी है. अच्छी लाइफस्टाइल और बेहतर खानपान का कॉम्बिनेशन बीमारियों से बचा सकता है.