बुखार में क्या खाना चाहिए और किन चीजों से करना चाहिए परहेज? सही डाइट से जल्द होगी रिकवरी

What To Eat and Avoid in Fever: जब हमारे शरीर में किसी तरह का इंफेक्शन हो जाए, तो बुखार आने लगता है. दरअसल शरीर इंफेक्शन फैलाने वाले वायरस और बैक्टीरिया को खत्म करने के लिए अपना तापमान बढ़ाता है, जिससे लोगों को बुखार महसूस होने लगता है. बुखार के कारण लोगों को कमजोरी, भूख न लगना, सिरदर्द और बदन दर्द जैसी समस्याएं होती हैं. ऐसे समय में सही खानपान बेहद महत्वपूर्ण हो जाता है, क्योंकि सही डाइट रिकवरी में मदद करती है. इससे शरीर को एनर्जी मिलती है और पाचन तंत्र पर अत्यधिक दबाव भी नहीं पड़ता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार बुखार में दवाओं के साथ हल्का, सुपाच्य और पौष्टिक खाना लेना चाहिए, ताकि शरीर को संक्रमण से लड़ने की ताकत मिल सके.

यूपी के गाजियाबाद की डाइटिशियन रंजना सिंह ने News18 को बताया कि बुखार में शरीर को हाइड्रेट रखना सबसे जरूरी होता है. तेज बुखार में पसीना ज्यादा आता है, जिससे शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी हो सकती है. इसलिए नारियल पानी, सादा पानी, नींबू पानी, छाछ, सूप और ओआरएस जैसे तरल पदार्थ फायदेमंद होते हैं. सब्जियों का गर्मागर्म सूप या दाल का पतला सूप शरीर को एनर्जी देने के साथ पाचन में भी आसान होता है. पर्याप्त तरल पदार्थ लेने से डिहाइड्रेशन का खतरा कम होता है और कमजोरी भी कम महसूस होती है. बुखार से रिकवरी के लिए पर्याप्त पानी और फ्लूड लेना बहुत जरूरी होता है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

डाइटिशियन ने बताया कि खाने की बात करें, तो बुखार में हल्का और आसानी से पचने वाला खाना लेना चाहिए. खिचड़ी, दलिया, उबले चावल, दाल, उबली सब्जियां और टोस्ट जैसे विकल्प बेहतर रहते हैं. इनमें कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन की संतुलित मात्रा होती है, जो शरीर को एनर्जी देती है. अगर बुखार की वजह से भूख कम लग रही हो, तो थोड़ी-थोड़ी मात्रा में दिन में कई बार खाना बेहतर होता है. इसके अलावा फल जैसे सेब, केला, पपीता और मौसमी भी शरीर को विटामिन और मिनरल्स प्रदान करते हैं.

फीवर से निजात पाने के लिए प्रोटीन से भरपूर चीजों का सेवन करना भी जरूरी है, क्योंकि प्रोटीन शरीर की कोशिकाओं की मरम्मत और इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करता है. दाल, मूंग की खिचड़ी, दही, उबले अंडे या पनीर का सेवन करना फायदेमंद हो सकता है. इसके अलावा बहुत ज्यादा तला-भुना या मसालेदार खाना पाचन तंत्र पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है, जिससे गैस, एसिडिटी या उल्टी की समस्या बढ़ सकती है. लोगों को इन चीजों से परहेज करना चाहिए. बुखार के दौरान जंक फूड, तली-भुनी चीजें, ज्यादा मसालेदार खाना, कोल्ड ड्रिंक्स, चाय-कॉफी और कैफीन वाली चीजों से परहेज करना चाहिए. ये चीजें शरीर में सूजन बढ़ा सकती हैं और डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ाती हैं.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *