Korean Lover Game Kya Hota Hai: रात के करीब दो बजे का वक्त था. गाजियाबाद के भारत सिटी सोसायटी में नौवीं मंजिल पर तीन सगी बहनें अपने कमरे में थीं. बाहर सन्नाटा पसरा था, लेकिन उनके दिलों में एक गेम की धुन बज रही थी. 12 साल की पाखी, 14 साल की प्राची और 16 साल की विशिका हाथों में हाथ डाले बालकनी की ओर बढ़ीं. फिर एक झटके में छलांग लगा दी. नीचे गिरते ही सबकी चीखें गूंज उठीं. सुबह होते ही पूरा मोहल्ला सदमे में था. पुलिस पहुंची तो कमरे में सुसाइड नोट मिला. उसमें साफ लिखा था, मम्मी पापा सॉरी… अब पता चलेगा हम गेम से कितना प्यार करते थे, कोरियन लव गेम.
परिवार वाले बता रहे थे कि ये बहनें बहुत करीब थीं. एक साथ खाना खातीं, नहातीं, सोतीं, लेकिन कोरोना के जमाने से मोबाइल पर चिपक गईं. स्कूल जाना बंद, दिनभर उसी गेम में डूबी रहतीं. पापा ने बहुत कोशिश की गेम हटाने की, फोन छीनने की, लेकिन उन तीनों लड़कियों को गेम की लत पड़ चुकी थीं. इन तीन बहनों की दर्दनाक मौत के बाद लोगों के मन में एक सबसे बड़ा सवाल उठ रहा है कि आखिर कोरियन लव गेम क्या है और यह इतना खतरनाक कैसे हो सकता है.
‘कोरियन लवर गेम’ क्या है?
पहली बात तो ये कोई एक आम गेम नहीं है, जो सिर्फ टाइम पास के लिए खेला जाता हो, बल्कि यह कोरियन स्टाइल के ऑनलाइन लव या रोमांटिक टास्क-बेस्ड गेम है. ये कोरियन लवर गेम्स ज्यादातर मोबाइल ऐप्स पर चलते हैं, जहां यूजर को कोरियन कल्चर, K-पॉप, K-ड्रामा जैसी चीजों से जोड़ा जाता है. इनमें खिलाड़ी एक वर्चुअल लवर या पार्टनर चुनते हैं, जो कोरियन स्टाइल में बात करता है, रोमांटिक मैसेज भेजता है, और डेली टास्क देता है. जैसे-जैसे गेम आगे बढ़ता है, टास्क मुश्किल होते जाते हैं. शुरुआत में छोटे-छोटे काम जैसे फोटो भेजना, कुछ लिखना, या दिनभर चैट करना. लेकिन आगे चलकर टास्क बहुत पर्सनल और खतरनाक हो सकते हैं, जैसे खुद को नुकसान पहुंचाना या आखिरी टास्क में मौत जैसा भी कुछ हो सकता है.
यह गेम्स कोरिया से इंस्पायर्ड होते हैं, जहां K-ड्रामा और K-पॉप की बहुत दीवानगी है. यूजर खुद को कोरियन समझने लगते हैं, खुद को प्रिंसेस या कोरियन लवर मानते हैं. इस घटना के बाद पुलिस जांच में पता चला कि ये बहनें कोविड के समय से गेमिंग की लत में पड़ गई थीं. वे स्कूल नहीं जाती थीं, सब कुछ साथ करती थीं – खाना, सोना, नहाना. गेम में वे एक-दूसरे से जुड़ी हुई थीं, और शायद आखिरी टास्क पूरा करने के लिए उन्होंने साथ में यह कदम उठाया. कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि 50वें टास्क में मौत का काम था, जैसे ब्लू व्हेल गेम में होता था. ब्लू व्हेल एक पुराना रूसी गेम था, जहां 50 दिनों में 50 टास्क होते थे और आखिरी टाक्स में सुसाइड करने के लिए कहा जाता था. इसी तरह कुछ कोरियन लवर गेम्स में भी टास्क बढ़ते-बढ़ते खतरनाक हो जाते हैं.
ये गेम कहां खेला जाता है?
इसे ऑनलाइन खेला जा सकता है. गेम के लिए कोई खास ऐप का नाम नहीं है लेकिन इंटरनेट पर आसानी से मिल जाता है. बच्चे घर बैठे डाउनलोड कर लेते हैं. गेम में अनजान लोग या चैटबॉट्स बात करते हैं. इस गेम के यूजर्स ज्यादातर बच्चे होते हैं जो आसानी से फंस जाते हैं क्योंकि गेम रोमांटिक लगता है, इमोशन्स को छूता है. बच्चे सोचते हैं कि यह असली प्यार है, और गेम के टास्क को पूरा करना जरूरी है. लेकिन असल में ये लत बन जाती है, दिमाग पर कंट्रोल छिन जाता है. गाजियाबाद केस में पुलिस मोबाइल फोन चेक कर रही है कि गेम का नाम क्या था और टास्क क्या थे. बहनों ने एक साथ सुसाइड की, जो दिखाता है कि वे बहुत क्लोज थीं और गेम ने उन्हें एक साथ बांध रखा था.
बच्चों को ऐसे गेम्स से बचाना जरूरी
यह सिर्फ एक गेम नहीं, बल्कि ऑनलाइन एडिक्शन का बड़ा खतरा है. भारत में पहले भी गेमिंग से जुड़े सुसाइड के केस आए हैं, जैसे ऑनलाइन बेटिंग या अन्य ऐप्स से पैसे हारने पर. लेकिन कोरियन लवर गेम जैसा रोमांटिक टास्क-बेस्ड गेम बच्चों के लिए ज्यादा खतरनाक है क्योंकि इसमें इमोशनल बॉन्डिंग होती है.
यह घटना बहुत दुखद है और समाज के लिए चेतावनी है. कोरियन लवर गेम जैसी चीजें प्यार का नाम लेकर मौत की तरफ ले जाती हैं. माता-पिता को बच्चों के मोबाइल यूज पर नजर रखनी चाहिए, गेमिंग टाइम लिमिट करनी चाहिए. बच्चे अगर कोरियन कल्चर की बहुत बात करें, खुद को अलग समझें, या गुप्त चैट करें तो सतर्क होना जरूरी है.
.