मध्य प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में सर्दी अब अपने पूरे तेवर में आ चुकी है. उत्तर-पूर्वी राज्यों से आ रही सर्द हवाओं और घने कोहरे ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. हालात ऐसे हैं कि सुबह घर से निकलते वक्त सामने का रास्ता तक साफ नजर नहीं आ रहा. मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ.
रीवा संभाग में हालात सबसे खराब, 50 मीटर तक सिमटी नजर
सबसे ज्यादा असर रीवा संभाग में देखने को मिला. रीवा, सतना, सीधी और मऊगंज जिलों में विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर रह गई. सड़कों पर चल रहे वाहन रेंगते नजर आए और लोग जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकले. इसके अलावा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रायसेन, सागर, शाजापुर, गुना, राजगढ़, दतिया, भिंड और धार में भी सुबह के समय कोहरे का असर साफ दिखा.
कोहरे की मार, ट्रेनें 2 से 4 घंटे लेट
घने कोहरे का असर रेल यातायात पर भी पड़ा. मालवा एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, पंजाब मेल और झेलम एक्सप्रेस जैसी अहम ट्रेनें 2 से 4 घंटे की देरी से चलीं. यात्रियों को स्टेशनों पर लंबा इंतजार करना पड़ा, जिससे कई लोगों की आगे की यात्रा भी बिगड़ गई.
शीतल दिन और गिरता तापमान, ठंड ने बढ़ाई कंपकंपी
पिछले 24 घंटों के दौरान रीवा, दमोह और छतरपुर के नौगांव में शीतल दिन दर्ज किया गया. रीवा संभाग में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया. न्यूनतम तापमान ने तो लोगों को पूरी तरह ठिठुरा दिया.
सबसे ठंडा रहा पचमढ़ी, यहां पारा 4.2 डिग्री
नर्मदापुरम के पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. शहडोल के कल्याणपुर में 4.6 डिग्री, मंदसौर में 5.7 डिग्री, रीवा, उमरिया और खजुराहो में करीब 6 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ.
मौसम वैज्ञानिक क्या कहते हैं?
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस समय पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी क्षेत्र में सक्रिय है और सब-ट्रॉपिकल जेट स्ट्रीम की हवाएं उत्तर भारत में बह रही हैं. इसी वजह से प्रदेश के उत्तर-पूर्वी जिलों में मध्यम से घने कोहरे और कड़ाके की ठंड की स्थिति बनी हुई है. ग्वालियर, रीवा और शहडोल संभाग में ठंड अभी और परेशान कर सकती है.
14 जिलों में कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग ने भिंड, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली और मैहर में मध्यम कोहरे का अलर्ट जारी किया है. लोगों को सुबह-शाम सफर करते वक्त सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान
भोपाल – 7.4°C
इंदौर – 9.8°C
ग्वालियर – 8.5°C
जबलपुर – 8.9°C
उज्जैन – 11.4°C
.