Walking Tips: आज के समय में वजन बढ़ना एक आम समस्या बन चुका है. भागदौड़ भरी ज़िंदगी, लंबे समय तक बैठकर काम करना, बाहर का खाना और कम फिजिकल एक्टिविटी इसकी बड़ी वजहें हैं. जब वजन बढ़ता है, तो सबसे पहले दिमाग में यही आता है कि अब जिम जॉइन करना पड़ेगा, घंटों ट्रेडमिल पर दौड़ना होगा या फिर बहुत सख्त डाइट फॉलो करनी पड़ेगी. इसी सोच की वजह से कई लोग शुरुआत ही नहीं कर पाते और वजन घटाने का प्लान बीच में ही छोड़ देते हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि वजन घटाने के लिए हर बार भारी एक्सरसाइज या महंगा जिम जरूरी नहीं होता. कई बार एक आसान और रोज की आदत भी बड़ा असर दिखा सकती है. वॉकिंग उन्हीं आसान आदतों में से एक है, जिसे लोग अकसर हल्के में ले लेते हैं. बहुत से लोगों को लगता है कि सिर्फ चलने से क्या ही फर्क पड़ेगा, फैट तो तभी जलेगा जब पसीना बहे.
फिटनेस कोच और वेट लॉस एक्सपर्ट अंजलि सचान इसी गलतफहमी को दूर करती हैं. उनका कहना है कि सही तरीके और लगातार वॉकिंग से भी फैट घटाया जा सकता है. उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में साफ-साफ बताया है कि 1 किलो फैट घटाने के लिए कितनी वॉक करनी होती है और 1,000 कदम चलने से शरीर में कितनी कैलोरी बर्न होती है. अगर आप भी वजन घटाने का आसान और टिकाऊ तरीका ढूंढ रहे हैं, तो यह जानकारी आपके लिए काफी काम की हो सकती है.
फैट असल में होता क्या है?
अंजलि सचान के मुताबिक, शरीर में जमा फैट दरअसल एनर्जी का स्टोर होता है. जब हम जरूरत से ज्यादा खाते हैं और उतनी कैलोरी खर्च नहीं करते, तो वही एक्स्ट्रा एनर्जी फैट बनकर शरीर में जमा हो जाती है. 1 किलो फैट लगभग 7,700 कैलोरी के बराबर होता है. यह पानी का वजन या सूजन नहीं होती, बल्कि असली फैट होता है, जिसे कम करने में वक्त लगता है. अच्छी बात यह है कि जब यह फैट एक बार बर्न हो जाता है, तो वह वापस अपने आप नहीं आता. इसी वजह से फैट लॉस को जल्दी-जल्दी करने की बजाय धीरे और सही तरीके से करना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है.
1,000 कदम चलने से कितनी कैलोरी बर्न होती है?
फिटनेस कोच अंजलि सचान बताती हैं कि औसतन 1,000 कदम चलने पर करीब 50 से 70 कैलोरी तक बर्न होती है. यह संख्या उम्र, वजन, चलने की रफ्तार और बॉडी टाइप पर थोड़ी ऊपर-नीचे हो सकती है.
जब आप चलते हैं, तो सिर्फ पैर ही नहीं, पूरा शरीर काम करता है. मांसपेशियां एक्टिव होती हैं, बैलेंस बना रहता है, सांसें तेज़ होती हैं और दिल की धड़कन बढ़ती है. इन सभी प्रोसेस में शरीर एनर्जी खर्च करता है, जिससे कैलोरी बर्न होती है.
1 किलो फैट घटाने के लिए कितने कदम चलने होंगे?
अगर 1 किलो फैट = 7,700 कैलोरी
और 1,000 कदम = करीब 60 कैलोरी (औसत मान लें)
तो आसान हिसाब से देखा जाए,
7,700 ÷ 60 = लगभग 1,28,000 से 1,50,000 कदम
मतलब सिर्फ वॉकिंग से 1 किलो फैट घटाने के लिए करीब सवा लाख से डेढ़ लाख कदम चलने पड़ते हैं.
रोज कितनी वॉक करें कि रिजल्ट दिखे?
अंजलि सचान कहती हैं कि अगर कोई व्यक्ति रोज 10,000 से 15,000 कदम चलता है, तो 10 से 12 दिनों में यह टारगेट पूरा किया जा सकता है. यानी बिना जिम जाए, बिना बहुत सख्त डाइट किए भी लगभग दो हफ्तों में 1 किलो फैट घटाया जा सकता है. यहां यह समझना जरूरी है कि यह फैट लॉस धीरे होता है, लेकिन टिकाऊ होता है. इसमें शरीर पर ज्यादा दबाव नहीं पड़ता और कमजोरी या चक्कर जैसी दिक्कतें भी नहीं होतीं.
वॉकिंग से फैट लॉस क्यों ज्यादा सुरक्षित है?
फिटनेस कोच के मुताबिक, वॉकिंग लंबे समय तक वजन घटाने का एक भरोसेमंद तरीका है. इसके कई फायदे हैं:
-कैलोरी धीरे और लगातार बर्न होती है
-बहुत ज्यादा भूख नहीं लगती
-हार्मोन बैलेंस पर बुरा असर नहीं पड़ता
-पीरियड्स या थायरॉयड जैसी दिक्कतें नहीं बढ़तीं
-शरीर बहुत ज्यादा थकता नहीं
-स्ट्रेस कम होता है और मूड बेहतर रहता है
इसी वजह से वॉकिंग को हर उम्र के लोगों के लिए सही माना जाता है.
क्या एक दिन में ज्यादा चलना सही है?
अंजलि साफ कहती हैं कि फैट एक दिन में नहीं घटता. एक दिन बहुत ज्यादा चलने से अगले दिन थकान आ सकती है और लोग रूटीन छोड़ देते हैं. बेहतर यही है कि रोज थोड़ा-थोड़ा चला जाए. यही छोटे कदम मिलकर बड़ा फर्क लाते हैं.
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं और जिम या भारी वर्कआउट आपके बस का नहीं है, तो वॉकिंग से बेहतर शुरुआत कुछ नहीं हो सकती. सही रफ्तार, रोज की आदत और थोड़े सब्र के साथ आप बिना खुद को परेशान किए फैट घटा सकते हैं.
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारियां और सूचनाएं सामान्य मान्यताओं पर आधारित हैं. Hindi news18 इनकी पुष्टि नहीं करता है. इन पर अमल करने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से संपर्क करें.)
.