एमवाय अस्पताल के बाहर का वीडियो वायरल: इंदौर में भरे ट्रैफिक में स्ट्रेचर पर दो महिलाएं मरीज को ले जाती दिखीं – Indore News


देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में पहचान रखने वाले इंदौर की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक वीडियो ने सोशल मीडिया पर तीखी बहस छेड़ दी। यह वीडियो सरकारी अस्पताल एमवाय के बाहर का बताया जा रहा है, जिसमें दो महिलाएं एक मरीज को पहिए वाले स्ट्रेचर पर लेकर सड़क पार करती नजर आ रही हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि दोनों महिलाएं, जो संभवतः मरीज की परिजन हैं, भरे ट्रैफिक के बीच शासकीय डेंटल कॉलेज के सामने से गुजरती हुई एमवाय अस्पताल की ओर बढ़ती हैं। अस्पताल का मुख्य गेट बंद होने के कारण उन्हें मरीज को स्ट्रेचर पर ही धकेलते हुए अगले गेट तक जाना पड़ता है। यह पूरी घटना करीब 1 मिनट 21 सेकंड के वीडियो में कैद है। इस वीडियो ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहला, यदि यह स्ट्रेचर सरकारी अस्पताल का है तो वह अस्पताल परिसर से बाहर सड़क पर कैसे पहुंचा? दूसरा, ऐसी कौन-सी परिस्थितियां रहीं कि परिजनों को मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए खुद इस तरह संघर्ष करना पड़ा? यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर इंदौर निवासी संदीप मीणा द्वारा (इंदौर अपडेट) पेज पर अपलोड किया गया है। संदीप मीणा के अनुसार, यह वीडियो 13 फरवरी की दोपहर 1.39 बजे का है, जिसे 16 फरवरी की शाम को सोशल मीडिया पर साझा किया गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स कई सवाल उठा रहे हैं कि क्या इंदौर जैसे बड़े और स्वच्छता में सिरमौर शहर में मरीजों को इस तरह सड़कों पर स्ट्रेचर धकेलने को मजबूर होना चाहिए। अब यह मामला केवल एक वीडियो तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाओं, बंद गेट, आपातकालीन सुविधाओं और मरीजों की सेवाओं से जुड़े सवाल भी खड़े कर रहा है। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *