यूनिवर्सिटी रोड पर महिलाओं से छेड़खानी- VIDEO: असहज हुईं युवतियां; खुद वीडियो बनाकर किया वायरल, जांच में जुटी पुलिस – Rewa News


रीवा शहर के सिरमौर चौराहे से विश्वविद्यालय जाने वाले मार्ग पर बाइक सवार कुछ युवकों द्वारा राहगीर और ऑटो में सफर कर रही महिलाओं पर अश्लील कमेंट करने और फब्तियां कसने का मामला सामने आया है। युवकों ने राह चलती महिलाओं को परेशान करने का खुद ही वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बाइक पर सवार होकर महिलाओं का पीछा कर रहे थे। वे सड़क और ऑटो से गुजर रही महिलाओं को देखकर फब्तियां कस रहे थे और अश्लील ध्वनियां निकाल रहे थे। इन हरकतों से कई महिलाएं असहज और भयभीत हो गईं। हैरानी की बात यह रही कि आरोपियों ने इस पूरी घटना का खुद ही वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे बेखौफ होकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। सामने आए वीडियो में आरोपियों की हरकत साफ दिखाई दे रही है। अचानक हुई इस हरकत से महिलाएं घबरा गईं इस घटना की एक प्रत्यक्षदर्शी महिला ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया, “कुछ युवक महिलाओं के बेहद करीब से बाइक निकाल रहे थे और अश्लील आवाजें व फब्तियां कस रहे थे। अचानक हुई इस हरकत से हम सभी महिलाएं घबरा गईं और खुद को असुरक्षित महसूस करने लगीं।” पुलिस की गश्त और महिला सुरक्षा पर उठे सवाल इस घटना के बाद शहर के लोगों में काफी आक्रोश है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विश्वविद्यालय क्षेत्र जैसे संवेदनशील इलाके में इस तरह की घटनाएं होना पुलिस गश्त पर सीधे सवाल खड़ा करता है। विश्वविद्यालय मार्ग पर रोजाना सैकड़ों छात्राएं और कामकाजी महिलाएं आवागमन करती हैं। लोगों का कहना है कि अगर खुलेआम इस तरह की हरकतें हों और आरोपियों को पुलिस का डर न हो, तो सुरक्षा व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगना लाजिमी है। लोगों ने चिंता जताई है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो ऐसे तत्वों के हौसले और बुलंद हो जाएंगे। पुलिस कर रही वीडियो की जांच, बढ़ाई गई गश्त स्थानीय लोगों ने पुलिस से असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि वायरल हो रहे वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही पुलिस अधिकारियों ने विश्वविद्यालय क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दे दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *