जबलपुर की कृषि उपज मंडी में देर रात चोरों ने एक फल की दुकान में धावा बोलते हुए लाखों रुपए की चोरी कर फरार हो गए। घटना उस दौरान की है, जब व्यापारी दीपावली पर दुकान की पूजा करने के बाद ताला लगाकर घर चला गया था।
.
सुबह जब फल व्यापारी दुकान पहुंचा और ताला खोलकर अंदर गया तो देखा कि जहां पर एग्जॉस्ट फैन लगा हुआ था, वह टूटा है। केबिन में जाकर देखा तो रुपए रखने का गल्ला टूटा हुआ था, जिसमें रखे रुपए गायब थे। व्यापारी ने चोरी की सूचना विजय नगर थाने में दी, जिसके बाद पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
हेमराज बहारे की मंडी में फल की थोक दुकान है, जहां रोजाना उनका लाखों का व्यापार होता है। व्यापारी ने सोमवार रात करीब 10 बजे कर्मचारियों के साथ पूजा की और फिर दुकान बंद करके घर चला गया। आज जब दुकान में रखे रुपए लेने के लिए आए तो वे गायब थे। उन्होंने आसपास देखा तो सारा सामान रखा हुआ था, पर कैश गायब था। दुकान मालिक हेमराज ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो दो चोर चोरी करते हुए नजर आए।
चोरी की तीन तस्वीरें देखिए
चोर ने ताकत लगाकर गल्ले की दराज तोड़ी।

गल्ले से चोर 2 लाख रुपए लेकर फरार हो गए।

चोरी का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
चोरों ने ताकत लगाकर तोड़ दिया गल्ला
करीब एक मिनट 36 सेकेंड के वीडियो में देखा जा सकता है कि सोमवार की रात 11 बजकर 6 मिनट पर दो चोर दुकान में घुसे। यहां-वहां घूमने के बाद एक चोर वहां पहुंचा, जहां व्यापारी रुपए रखता था। चोर ने जैसे ही दराज खोला तो वह बंद था।
इसके बाद चोर ने ताकत लगाकर गल्ले की दराज तोड़ी, जिसमें करीब 2 लाख रुपए रखे हुए थे। एक चोर ने दूसरे चोर को रुपए दिए और फिर वहां से चले गए। थोड़ी देर बाद चोर फिर से उस स्थान पर पहुंचा, जहां रुपए रखे हुए थे। चोर ने दूसरी दराज खोलने की कोशिश की, पर वह नहीं खुली, लिहाजा दोनों चोर वहां से चले गए।
पुलिस चोरों की तालाश में जुटी
कृषि उपज मंडी जहां पर कि सुरक्षा के खासे इंतजाम रहते है, वहां पर चोरी होना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। विजय नगर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार का कहना है कि व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्जकर उनकी तालाश की जा रही है, जल्द ही दोनों चोर गिरफ्त में होगें।
विजय नगर थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह पवार ने बताया
व्यापारी की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। जल्द ही दोनों चोर गिरफ्त में होंगे।

.