रिश्वत लेते हए कर्मचारियों के वीडियो सामने आने के बाद सतना जिला प्रशासन हरकत में आ गया है, अधिकारियों ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। …और पढ़ें
HighLights
- रिश्वत लेते हुए वीडियो वायरल होने के बाद दफ्तर में मचा हड़कंप
- दो कर्मचारी सरेआर घूस लेते हुए वायरल वीडियो में नजर आ रहे है
- वीडियो के आधार पर जांच करवाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी
नईदुनिया प्रतिनिधि, सतना। सतना जिले के राजस्व महकमे में गुरुवार सुबह उस समय हडक़ंप मच गया, जब दो अलग-अलग तहसील कार्यालयों से जुड़े बाबुओं के रिश्वत लेने के कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगे। इन वीडियो के सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की जांच के निर्देश दिए गए हैं।
वायरल वीडियो में से एक रघुराजनगर तहसील (कलेक्ट्रेट) से जुड़ा बताया जा रहा है, जबकि दूसरा वीडियो कोठी तहसील कार्यालय का बताया जा रहा है। वीडियो वायरल होने के बाद राजस्व विभाग के अधिकारियों ने सख्त रुख अपनाया है। हालांकि, इन वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पहला मामला : बर्खास्त बाबू पर फिर रिश्वत लेने का आरोप
पहले वीडियो में कथित तौर पर रामपुर बघेलान तहसील में पदस्थ रह चुका बाबू रामशरण प्रजापति दिखाई दे रहा है, जिसे वर्ष 2015 में लोकायुक्त द्वारा रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था और बाद में बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बावजूद वह कथित रूप से नायब नजीर की कुर्सी पर बैठकर रिकॉर्ड निकलवाने आए लोगों से पैसे मांगता नजर आ रहा है। वीडियो में वह पहले कार्यालय में रिकॉर्ड तलाशता है और फिर संबंधित व्यक्ति को बाहर ले जाकर करीब एक हजार रुपए लेते हुए दिख रहा है।
दूसरा मामला : बंटवारा-नामांकन के नाम पर वसूली का आरोप
दूसरे वीडियो में कोठी तहसील में पदस्थ बाबू उमेश शर्मा कथित रूप से बंटवारा और नामांकन के आवेदन लेकर आए लोगों से काम के एवज में एक हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह आरोप भी वीडियो के साथ इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए गए हैं।
संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी
वीडियो संज्ञान में आया है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो जांच कराकर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। – राहुल सिलाढ़िया, एसडीएम सिटी
जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है
वीडियो की जांच कराने के उपरांत ही कुछ कहा जा सकता है। – सौरभ द्विवेदी, तहसीलदार कोठी
.