रायसेन में सब्जी-फल ठेले रामलीला मैदान शिफ्ट होंगे: सड़क जाम से निजात के लिए बड़ा फैसला – Raisen News

रायसेन शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने सब्जी और फल विक्रेताओं को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी कड़ी में मंगलवार शाम नगर पालिका कार्यालय में दुकानदारों और प्रशासन

.

बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जमुना सेन, एसडीएम मनीष शर्मा, सीएमओ सुरेखा जाटव, तहसीलदार भरत मंड्रे और थाना प्रभारी नरेंद्र गोयल सहित यातायात विभाग के अधिकारी मौजूद थे। इसमें शहर की सड़कों पर सब्जी और फल के ठेलों के कारण होने वाली अव्यवस्था, यातायात जाम और दुर्घटनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

आमजन को हो रही थी परेशानी नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि जमुना सेन ने बताया कि प्रमुख सड़कों के दोनों ओर ठेलों के कारण यातायात बाधित होता है और शहर की सुंदरता प्रभावित होती है, जिससे आमजन को परेशानी होती है। उन्होंने जानकारी दी कि प्रशासन ने सब्जी और फल विक्रेताओं के लिए रामलीला मैदान को निर्धारित किया है।

यहां सभी विक्रेता व्यवस्थित तरीके से अपनी दुकानें लगा सकेंगे। इससे उन्हें बार-बार हटाने की कार्रवाई से मुक्ति मिलेगी और सम्मानजनक तरीके से व्यवसाय करने का अवसर मिलेगा।

प्रशासन ने सख्ती की चेतावनी दी एसडीएम मनीष शर्मा ने दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सब्जी और फल की दुकानें केवल रामलीला मैदान सहित अन्य चयनित स्थानों पर ही लगेंगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी विक्रेता शहर की सड़कों पर ठेला या दुकान लगाते पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि अन्य वैकल्पिक स्थानों का चयन भी प्रक्रियाधीन है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कल (बुधवार) दोपहर सभी सब्जी और फल विक्रेता रामलीला मैदान में एकत्रित होंगे। यहां उन्हें व्यवस्थित तरीके से दुकान लगाने के संबंध में अंतिम चर्चा की जाएगी और स्थानों का निर्धारण किया जाएगा।

इस दौरान दुकानदारों ने अपनी समस्याएं भी प्रशासन के समक्ष रखीं। उन्होंने कहा कि वे निर्धारित स्थान पर दुकानें लगाने को तैयार हैं, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाए कि इसके बाद सड़क किनारे किसी भी अन्य विक्रेता को ठेला लगाने की अनुमति न दी जाए।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *