Usain Bolt का बड़ा यू-टर्न, अब England की टीम में दिखाएंगे फुटबॉल का जलवा

उसैन बोल्ट एक बार फिर सुर्खियों में हैं। कुछ हफ्ते पहले जहां उन्होंने 2028 लॉस एंजेलिस ओलंपिक में जमैका की क्रिकेट टीम से जुड़ने का हल्का-फुल्का संकेत दिया था, अब उनका झुकाव एक बिल्कुल अलग खेल की ओर दिखाई दे रहा है।
बता दें कि दुनिया के सबसे तेज़ धावक और आठ बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता उसैन बोल्ट ने इस बार इंग्लैंड की नॉन-लीग फुटबॉल टीम “विथेनशॉ वेटरन्स” से जुड़ने की संभावना पर खुलकर बात की है। यह टीम चेशायर वेटरन्स लीग में खेलती है और इसकी खास पहचान यह है कि इसमें कई पूर्व प्रीमियर लीग खिलाड़ी शामिल हैं।
गौरतलब है कि इस मैनचेस्टर आधारित टीम में डैनी ड्रिंकवॉटर जैसे पूर्व प्रीमियर लीग विजेता और पापिस सिसे जैसे लोकप्रिय फुटबॉल चेहरे खेल चुके हैं, जिससे यह क्लब आम गैर-पेशेवर टीमों से अलग पहचान रखता है।
मौजूद जानकारी के अनुसार, जब उसैन बोल्ट से पूछा गया कि क्या वह इन रिटायर्ड फुटबॉल सितारों के साथ खेलने पर विचार करेंगे, तो उन्होंने पूरे उत्साह के साथ हामी भरी। टॉकस्पोर्ट से बातचीत में बोल्ट ने कहा कि अगर वह खुद को थोड़ी फिटनेस में वापस ले आते हैं तो वह खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
गौरतलब है कि बोल्ट पहले भी फुटबॉल में हाथ आजमा चुके हैं। 2018 में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्लब गोल्ड कोस्ट मैरिनर्स के साथ ट्रेनिंग की थी और कुछ दोस्ताना मैच भी खेले थे। हालांकि उस समय उन्हें प्रोफेशनल कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिल सका था।
इसके अलावा वह यूके में चैरिटी के लिए होने वाले “सॉकर एड” मैचों में कई बार खेल चुके हैं, जहां उन्होंने पूर्व प्रोफेशनल फुटबॉलर्स के साथ मैदान साझा किया है। लंबे समय से मैनचेस्टर यूनाइटेड के समर्थक रहे बोल्ट के लिए फुटबॉल सिर्फ शौक नहीं बल्कि जुनून रहा है।
अब अगर विथेनशॉ वेटरन्स जैसी टीम में पूर्व प्रीमियर लीग सितारों के साथ खेलने का मौका मिलता है, तो यह उनके लिए एक ऐसा मंच हो सकता है जहां वह बिना दबाव के खेल का आनंद भी ले सकें और अपने पुराने सपने को भी जी सकें हैं।
क्रिकेट से लेकर फुटबॉल तक, उसैन बोल्ट का खेल के प्रति जुनून यह दिखाता है कि रिटायरमेंट के बाद भी उनकी खेल भावना थमी नहीं है और वह नए-नए रास्तों की तलाश में लगातार आगे बढ़ते हुए दिखाई दे रहे हैं।

.

Source link

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *