देवास में निगम की होर्डिंग हटाने की कार्रवाई पर हंगामा: विधायक पुत्र विक्रम सिंह पवार समर्थकों संग सड़क पर उतरे, निगमायुक्त के खिलाफ की नारेबाजी – Dewas News

देवास में नगर निगम की होर्डिंग हटाने की कार्रवाई के बाद गुरुवार देर रात विवाद खड़ा हो गया। विधायक पुत्र विक्रम सिंह पवार समर्थकों के साथ सड़क पर उतरे और निगमायुक्त दलीप सिंह के खिलाफ नारेबाजी की।

.

दरअसल, सुबह नगर निगम कर्मचारियों ने फ्लेक्स और होर्डिंग हटाए थे, जिसका दिन में विरोध हुआ। देर रात विक्रम सिंह पवार सयाजीद्वार से रैली निकालकर नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जहां भारी भीड़ जमा हो गई। करीब डेढ़ घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान नगर निगम और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार, सीएसपी समेत प्रशासनिक अमला तैनात किया गया। महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल भी वहां मौजूद रहे।

विक्रम सिंह पवार ने अधिकारियों से कहा कि नवरात्रि पर्व के दौरान स्वागत फ्लेक्स न हटाए जाएं क्योंकि इनसे शहर का माहौल उत्सवपूर्ण बनता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि नवरात्रि समाप्त होने पर स्वयं फ्लेक्स हटा दिए जाएंगे। स्थिति को शांत करने के लिए नगर निगम ने कुछ फ्लेक्स कार्यकर्ताओं को वापस लौटा दिए।

इससे पहले नवागत निगमायुक्त दलीप कुमार ने स्पष्ट किया था कि शहरभर में लगे फ्लेक्स और होर्डिंग यातायात में बाधा डालते हैं और सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक हैं। उन्होंने कहा कि निगम समान रूप से कार्रवाई कर रहा है और किसी तरह का भेदभाव नहीं होगा।

विरोध कर रहे कार्यकर्ताओं ने यह भी आपत्ति जताई कि नगर निगम ने माता चामुंडा और तुलजा भवानी के पोस्टर कचरा वाहन में रख दिए, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *