भारत में हो रहे क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिसमें 65 वर्षीय अंपायर माणिक गुप्ता की मौत हो गई. ये दर्दनाक हादसा उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में चल रहे एक क्रिकेट मैच का है. 15 से 20 खिलाड़ी इसमें घायल हो गए. बता दें कि मधुमक्खियों से बचने के लिए अंपायर और प्लेयर्स ग्राउंड पर लेट गए थे, जैसा मधुमक्खियों से बचने के लिए किया जाता है.
क्रिकेट मैच के दौरान मधुमक्खियों के झुंड का हमला बुधवार शाम शुक्लागंज क्षेत्र के सप्रीू मैदान में हुआ. कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन के अंपायर माणिक गुप्ता इसमें अंपायरिंग कर रहे थे. तभी ड्रिंक्स ब्रेक के दौरान मधुमक्खियों का झुंड वहां आ गया और ग्राउंड पर खड़े खिलाड़ी और अंपायर को डंक मारने लगे. सभी बचने के लिए ग्राउंड पर लेट गए, लेकिन मधुमक्खियां डंक मारती रहीं, जिसके बाद वहां अफरा तफरी मैच गई.
गंभीर रूप से घायल हुए अंपायर को कानपूर के निजी नर्सिंग होम में ले जाया गया. डॉक्टर्स ने माणिक गुप्ता की हालत को नाजुक बताते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया था. अंपायर माणिक गुप्ता की दुखद मौत हो गई.
मीडिया से बात करते हुए एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि दूसरी पारी के दौरान जब सभी खिलाड़ी पानी पी रहे थे, तब ये हमला हुआ. सभी लोग ग्राउंड पर लेट गए थे, लेकिन मधुमक्खियों के झुंड ने वहां मौजूद खिलाड़ियों और अंपायर को काटना शुरू कर दिया. उन्होंने बताया कि लखनऊ से आए एक क्रिकेटर को भी कई जगह काटा है. बताया जा रहा है कि इसमें 15 से 20 खिलाड़ी भी घायल हुए हैं.
बता दें कि 2019 में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जब तिरुवनंतपुरम में इंडिया A बनाम इंग्लैंड लायंस वन-डे मैच में मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया था. सामने आया था कि वहां कई लोगों को मधुमक्खियों ने काट लिया है, हालांकि अच्छी बात ये थी कि उसमें किसी की मौत नहीं हुई थी.
.