U19 Asia Cup: अंडर-19 एशिया कप 2025 रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है. क्रिकेट फैंस की नजरें भी अब एक ही सवाल पर टिकी हैं, क्या भारत और पाकिस्तान एशिया कप ट्रॉफी के लिए फाइनल में आमने-सामने होंगे? अगर सेमीफाइनल के नतीजे उम्मीद के मुताबिक रहे, तो दुबई की धरती पर एक और हाई-वोल्टेज भारत-पाक मुकाबला देखने को मिल सकता है.
टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में शानदार लय में नजर आई है. आयुष म्हात्रे की कप्तानी में भारतीय अंडर-19 टीम ने ग्रुप स्टेज में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए टॉप पोजिशन हासिल की. खास बात यह है कि भारत इससे पहले इसी साल UAE में पाकिस्तान को हराकर सीनियर लेवल पर एशिया कप ट्रॉफी जीत चुका है. अब 81 दिन बाद उसी जमीन पर जूनियर टीम के पास भी एशिया कप जीतने का मौका है.
सेमीफाइनल की तस्वीर पूरी
अंडर-19 एशिया कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबलों का लाइन-अप तय हो चुका है. 19 दिसंबर को पहले सेमीफाइनल में भारत और श्रीलंका आमने-सामने होंगे. वहीं 19 दिसंबर को ही दूसरे सेमीफाइनल में डिफेंडिंग चैंपियन बांग्लादेश की भिड़ंत पाकिस्तान से तय है. दोनो मुकाबले एक ही दिन खेले जाएंगे.
फाइनल में कैसे हो सकता है भारत-पाक टकराव?
अगर भारतीय टीम सेमीफाइनल में श्रीलंका को मात देती है और दूसरी ओर पाकिस्तान बांग्लादेश को हराने में सफल रहता है, तो 21 दिसंबर को फाइनल में भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे. ऐसे में यह मुकाबला सिर्फ ट्रॉफी का नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा और दबदबे की जंग भी बन जाएगा.
ग्रुप स्टेज में भारत का पलड़ा रहा भारी
इस टूर्नामेंट में भारत और पाकिस्तान पहले ही एक बार आमने-सामने आ चुके हैं. 14 दिसंबर को खेले गए ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 90 रन से करारी शिकस्त दी थी. उस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 46.1 ओवर में 240 रन बनाए थे. एरन जॉर्ज ने 85 रनों की अहम पारी खेली, जबकि कनिष्क चौहान ने 46 रन जोड़े.
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तानी टीम दबाव में बिखर गई और 150 रन पर ऑलआउट हो गई. भारत की ओर से कनिष्क चौहान और दीपेश देवेंद्रन ने 3-3 विकेट झटके. किशन सिंह को 2 विकेट मिले, जबकि युवा गेंदबाज वैभव सूर्यवंशी ने भी एक अहम विकेट अपने नाम किया.
.