बड़वानी जिले में दो अलग-अलग ग्रामीणों ने शहर के ज्वेलर्स पर धोखाधड़ी के आरोप लगाए हैं। पीड़ितों का कहना है कि ज्वेलर्स ने उनके गिरवी रखे चांदी के गहने वापस करने से इनकार कर दिया है और उन पर मनमाना ब्याज थोपा जा रहा है। दोनों ग्रामीणों ने कोतवाली थाने
.
मामला 1: “तुम्हारी रकम गल गई है” कहकर लौटाया
डोंगरगांव निवासी चिमा सोलंकी ने बताया कि करीब 2-3 साल पहले उन्होंने प्रो. श्रीपति ज्वेलर्स के संचालक आदित्य सोनी के पास 1 किलो चांदी के गहने 35 हजार रुपए में गिरवी रखे थे। अब जब वे ब्याज समेत पैसा लौटाने पहुंचे, तो सोनार ने यह कहकर गहने देने से मना कर दिया कि उनकी रकम “गल गई है”। पीड़ित का आरोप है कि चांदी के दाम बढ़ने के कारण सोनार बेईमानी कर रहा है, क्योंकि वर्तमान में 1 किलो चांदी की कीमत 2 लाख रुपए से ज्यादा है।
मामला 2: 45 हजार के बदले मांगे 1.11 लाख रुपए
दूसरे मामले में टपकला निवासी आपसिंग खर्ते ने पंकज सोनी (जैन मंदिर चौराहा) के खिलाफ शिकायत की है। आपसिंग ने 2 जनवरी 2024 को 1.33 किलो चांदी के गहने 45 हजार रुपए में गिरवी रखे थे। अब जब वे गहने छुड़ाने पहुंचे, तो सोनार ने उनसे 1 लाख 11 हजार रुपए की मांग की। सोनार ने इसे चक्रवृद्धि ब्याज और पुराना बकाया बताया, जबकि पीड़ित का कहना है कि कोई पुराना बकाया नहीं था और ब्याज अवैध तरीके से वसूला जा रहा है।
ग्रामीणों ने थाने पर कार्रवाई के लिए आवेदन दिए हैं।
ज्वेलर्स की चुप्पी और पुलिस की जांच
मीडिया ने जब इस मामले में दोनों सोनारों से संपर्क करने की कोशिश की, तो एक का मोबाइल स्विच ऑफ मिला और दूसरे ने कोई भी बयान देने से साफ इनकार कर दिया। इस चुप्पी ने संदेह को और गहरा कर दिया है।
थाना प्रभारी का आश्वासन
कोतवाली थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाह ने बताया कि उन्हें दोनों ग्रामीणों के आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि शिकायतों की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर जल्द ही नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।