शाजापुर शहर के विजयनगर से गुरुवार सुबह खेलते-खेलते लापता हुईं तीन साल की दो जुड़वां बहनों को पुलिस ने सकुशल ढूंढ निकाला है। लालघाटी थाना पुलिस ने बच्चियों को घर से 2 किलोमीटर दूर द्वारिका पुरी इलाके से बरामद कर उनके पिता को सौंप दिया।
.
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह करीब 10 बजे विजयनगर निवासी सुनील फुलेरिया की तीन वर्षीय जुड़वां बेटियां घर के बाहर खेल रही थीं। कुछ देर बाद जब वे दिखाई नहीं दीं, तो परिजनों ने पहले पड़ोस में दादा के घर और आसपास तलाश किया, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला।इसके बाद पिता सुनील फुलेरिया ने लालघाटी थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही लालघाटी थाने पर पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रमोद नागर, जसवंत सिंह जाटव और आरक्षक रामप्रसाद बामनिया बच्चियों की तलाश में जुट गए।पुलिस टीम ने गहन तलाश के बाद दोनों बच्चियों को द्वारिका पुरी क्षेत्र में घूमते हुए पाया। उन्हें तत्काल थाने लाया गया और उनके पिता सुनील फुलेरिया को सुपुर्द कर दिया गया।
लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुनसिंह मुजाल्दे ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिसकर्मियों को तलाशी के लिए भेजा गया था, जिन्होंने बच्चियों को द्वारिका पुरी से सकुशल बरामद किया।पिता सुनील फुलेरिया ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि बच्चियों के सकुशल मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली है।