ट्राई करें हरे लहसुन का अचार, एक बार खाएंगे तो आम-नींबू भूल जाएंगे! जानें रेसिपी, बनाकर स्टोर कर लें

Last Updated:

Hare Lahsun Ka Aachar Recipe:विंध्य क्षेत्र में सर्दियों के मौसम में हरे लहसुन का अचार खास पहचान बना चुका है. इसका तीखा और चटपटा स्वाद ठंड में खाने का मजा दोगुना कर देता है. सरसों के तेल और देसी मसालों से तैयार यह अचार न सिर्फ हर थाली का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है. जानें रेसिपी…

Lahsun Aachar Recipe: भारतीय रसोई में अचार का खास महत्व है. यह सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि हर भोजन को खास और यादगार बना देता है. सर्दियों में हरे लहसुन का अचार खास तौर पर विंध्य क्षेत्र में में पसंद किया जाता है. इसका तीखा, चटपटा स्वाद ठंड के मौसम में खाने का मजा दोगुना कर देता है. हरे लहसुन का उपयोग आमतौर पर सब्जियों और कई चाइनीज डिशेज में किया जाता है, लेकिन जब इससे अचार बनाया जाता है तो इसका जायका और भी लाजवाब हो जाता है. अचार के शौकीनों के लिए यह एक बेहतरीन विकल्प है, जिसे जरूर ट्राई करें.

गृहणी प्रियंका सिंह ने लोकल 18 को बताया, भारतीय खाने में अचार की जगह कोई और नहीं ले सकता. चाहे दाल-चावल हो, रोटी-पराठा या पूरी-सब्जी अचार हर थाली का स्वाद बढ़ा देता है. आम, नींबू और हरी मिर्च के अचार के साथ-साथ लहसुन का अचार भी लोगों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है. लेकिन, हरे लहसुन से बने अचार की बात ही कुछ और है. ये अचार खासकर सर्दियों में ही ज्यादा खाया जाता है. क्योंकि ये न सिर्फ स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर को गर्म भी रखता है. इसका सेवन विंध्य क्षेत्र में खूब किया जाता है.

कैसे बनाएं हरे लहसुन का अचार
प्रियंका ने बताया, हरे लहसुन का अचार बनाने के लिए सबसे पहले 300 ग्राम हरे लहसुन की जड़ें निकालकर उसे मोटा-मोटा काट लें. इसके साथ 7 हरी मिर्च और 2 इंच अदरक को बारीक काटकर तैयार कर लें. मसाले के लिए सौंफ, सरसों, धनिया, मेथी और जीरा को हल्का सूखा भूनकर ठंडा करें. फिर इन्हें लाल मिर्च पाउडर, हल्दी, हींग और नमक के साथ दरदरा पीस लें. इसमें कलौंजी मिलाकर कटे हरे लहसुन, मिर्च और अदरक के साथ अच्छी तरह मिला लें.

सात दिन तक धूप में रखना जरूरी
अब एक पैन में तीन चौथाई कप सरसों का तेल गरम करें, जब तक उसमें से हल्का धुआं न निकलने लगे. तेल को थोड़ा ठंडा कर अचार के मिश्रण में डालें और इसमें दो नींबू का रस मिलाएं. तेल इतना डालें कि पूरा मिश्रण उसमें डूब जाए. इसके बाद अचार को साफ और सूखे कांच के जार में भरकर 5 से 7 दिन तक धूप में रखें, ताकि मसालों और लहसुन का स्वाद आपस में अच्छी तरह मिल जाए।

सेहत के लिए भी फायदेमंद
वरिष्ठ आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. आरपी परौहा के अनुसार, लहसुन का अचार सर्दियों में शरीर के लिए बेहद लाभकारी है. इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल और एंटीवायरल गुण रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं. नियमित सेवन से कोलेस्ट्रॉल कम करने में मदद मिलती है, जिससे दिल की सेहत बेहतर रहती है. यह पाचन शक्ति को मजबूत करता है और सर्दी-जुकाम से राहत दिलाने में भी सहायक है. सर्दियों में हरे लहसुन का अचार स्वाद और सेहत का बेहतरीन संगम है. इसे घर पर बनाना आसान है और यह लंबे समय तक खराब नहीं होता.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें

homelifestyle

ट्राई करें हरे लहसुन का अचार, एक बार खाएंगे, आम-नींबू भूल जाएंगे! जानें रेसिपी

.

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *