शहडोल में मवेशियों से भरा ट्रक पकड़ा: 21 पशु मुक्त कराए गए, तीन तस्कर गिरफ्तार – Shahdol News


शहडोल जिले की गोहपारू पुलिस ने पशु तस्करी के एक बड़े मामले का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गुरुवार तड़के लगभग 5 बजे बूचड़खाने ले जाए जा रहे मवेशियों से भरे एक ट्रक को पकड़ा। इस कार्रवाई में 21 मवेशियों को मुक्त कराया गया और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह ट्रक अनूपपुर जिले से उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा था। पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात मुखबिर से सूचना मिली थी कि उत्तर प्रदेश पासिंग एक ट्रक में अवैध रूप से मवेशियों की तस्करी की जा रही है। मुखबिर ने वाहन का नंबर और रंग भी बताया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल रणनीति बनाई। फॉरेस्ट बेरियल के पास नाकाबंदी की गई और एक निजी ट्रक खड़ा कर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया। जैसे ही संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में ठूंस-ठूंसकर लगभग 21 मवेशी भरे पाए गए। मौके पर डायल 112 के दो वाहन और थाने से अतिरिक्त पुलिस बल मौजूद था। आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पहले से की गई घेराबंदी के कारण वे सफल नहीं हो सके। पुलिस ने चालक सहित तीन आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि बरामद किए गए मवेशियों को बूचड़खाने ले जाया जा रहा था। सभी मवेशियों को सुरक्षित निकालकर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पूछताछ जारी है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। गौरतलब है कि इस घटना से एक दिन पहले ही झींक बिजुरी चौकी पुलिस ने जंगलों के रास्ते पैदल मवेशियों की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। उस कार्रवाई में तस्कर के कब्जे से 6 मवेशियों को मुक्त कराया गया था। .

Share me..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *