कटनी जिले के विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार शाम एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बेकाबू होकर पलटने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि एक ही परिवार के 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
.
जानकारी के मुताबिक, मैहर जिले के ग्राम मनटुलवा निवासी एक ही परिवार के करीब 12 सदस्य ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर एक ‘चौक’ कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। शाम को जब वे वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चोरी चोरा के पास यह दुर्घटना घट गई।
ढलान पर बेकाबू होकर पलटी ट्रॉली
हादसा उस वक्त हुआ जब ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी रोड पर एक ढलान से उतर रही थी। ढलान पर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस और 108 एंबुलेंस को इसकी सूचना दी।
इलाज के दौरान महिला ने तोड़ा दम
पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत कटनी जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में इलाज के दौरान पूजा नामक महिला की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अन्य सदस्यों का इलाज जारी है। घायलों में सीमा, सुमन, राजकुमारी, चौरसिया बाई, विनायक और अज्जू सिमरोल शामिल हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
विजयराघवगढ़ थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है कि यह दुर्घटना मानवीय लापरवाही की वजह से हुई या वाहन में किसी तकनीकी खराबी के कारण।